आज 90 साल का हो गया जगन्नाथ संस्कृति का प्रदेश ओड़िशा

(ब्लॉगर एवं पत्रकार )
आज एक अप्रैल को हमारे छत्तीसगढ़,झारखण्ड, बंगाल और आंध्र प्रदेश का पड़ोसी राज्य ओड़िशा 90 साल का हो गया.व्यक्ति इस उम्र में आने तक वयोवृद्ध हो जाता है, लेकिन कोई भी देश अथवा राज्य इतनी लम्बी यात्रा में अनुभवों से सम्पन्न होकर और भी अधिक मज़बूत होकर दुनिया में अपनी ख़ास जगह बनाता है।
आज ही के दिन 1936 में ओड़िशा राज्य स्थापना हुई थी. भारत के पूर्वी समुद्र तट पर स्थित इस राज्य के स्थापना दिवस यानी उत्कल दिवस के अवसर पर सभी उत्कलवासियों, उत्कल संस्कृति और समाज से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से, अथवा भावनात्मक रूप से जुड़े सभी लोगों को उत्कल दिवस की हार्दिक बधाई.आप सभी का हार्दिक अभिनन्दन।
ओड़िशा अपनी समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक धरोहरों की धरती है। यह झारखंड , बंगाल और आंध्रप्रदेश का भी पड़ोसी राज्य है। यह पारम्परिक ओड़िशी नृत्य और आध्यात्मिक पारम्परिक गीत -संगीत की भी धरती है।
उत्कल भूमि बंगाल की खाड़ी में पुरी के समुद्र तट पर विराजमान महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी की छत्रछाया में एक लाख 55 हज़ार 707 वर्ग किलोमीटर में विस्तारित है। नक्शे पर इस राज्य का उदय आज ही के दिन एक अप्रैल 1936 को ‘उड़ीसा’ के नाम से हुआ था । इस प्रदेश का नाम 65 साल बाद वर्ष 2011 में ‘ उड़ीसा’ से बदलकर ‘ ओड़िशा’ कर दिया गया।
यह हमारे देश के महान क्रांतिकारी ,स्वतंत्रता सेनानी और आज़ाद हिन्द फ़ौज के संस्थापक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जन्म स्थली भी है। कटक में उनका जन्म हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में महान कवि ,लेखक और समाज सेवी स्वर्गीय मधुसूदन दास ने आधुनिक ओड़िशा राज्य की परिकल्पना की थी। उन्होंने अलग उत्कल प्रदेश निर्माण के लिए जनता को संगठित कर ‘उत्कल सम्मेलनी ‘ की स्थापना की और इस संस्था के माध्यम से राज्य निर्माण के लिए प्रबल जनमत का निर्माण किया। फलस्वरूप तत्कालीन ब्रिटिश प्रशासन ने एक अप्रैल 1936 को बिहार प्रान्त से अलग करके ओड़िशा राज्य का गठन किया ।
लेकिन तब तक मधुसूदन दास अपने सपनों के ओड़िशा को पृथक राज्य के रूप में देखने के लिए दुनिया में नहीं थे। उनका जन्म 28 अप्रैल 1848 को हुआ था और ओड़िशा राज्य बनने के लगभग 2 साल पहले 4 फरवरी 1934 को उनका निधन हो गया। बहरहाल ,उनके सपनों का ओड़िशा अपनी 4 करोड़ 19 लाख से अधिक आबादी के साथ आधुनिक और स्वतंत्र भारत के प्रगतिशील राज्य के रूप में विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर है। यह सहज ,सरल ,सौम्य और धर्मप्राण लोगों का प्रदेश है ,जहाँ के हर जन -मन में और कण -कण में भगवान जगन्नाथ जी की महिमा व्याप्त है।
मधुसूदन दास के अलावा गंगाधर मेहेर और गोपबन्धु दास जैसे अनेक प्रसिद्ध कवियों ने देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर ओड़िशा को पहचान और प्रतिष्ठा दिलाई है । छत्तीसगढ़ ,झारखण्ड ,बंगाल और आंध्रप्रदेश राज्यों का पड़ोसी होने के कारण ओड़िशा के सीमावर्ती जन जीवन पर इन राज्यों की संस्कृति का भी असर देखा जा सकता है ,वहीं इन चारों राज्यों की सीमाओं पर भी उत्कल संस्कृति का गहरा प्रभाव नज़र आता है।
उत्कल संस्कृति वास्तव में जगन्नाथ संस्कृति है। पुरी के भगवान जगन्नाथ सम्पूर्ण भारत के आराध्य देवता हैं। बहन सुभद्रा और भ्राता बलभद्र जी के साथ हर साल आषाढ़ शुक्ल द्वितीय को उनकी ऐतिहासिक रथयात्रा न सिर्फ़ ओड़िशा बल्कि भारत के सभी राज्यों में धूमधाम से मनायी जाती है।
आलेख –स्वराज्य करुण

