futuredछत्तीसगढ

सुशासन, पारदर्शिता और विकास पर जनता की मुहर — मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर, 15 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले वर्ष आज ही के दिन राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में मिला ऐतिहासिक जनादेश जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। यह परिणाम सुशासन, पारदर्शिता और विकास के प्रति स्पष्ट आस्था की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री रायगढ़ प्रवास के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान से भेंट कर एक वर्ष पूर्व इसी तिथि को मिले जनादेश को स्मरण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साधारण चाय विक्रेता से महापौर तक जीवर्धन चौहान की यात्रा लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति और जनता के आशीर्वाद का जीवंत उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नगरीय निकाय चुनावों में किए गए प्रत्येक वादे को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़कों, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में निरंतर प्रगति हो रही है। नगरीय क्षेत्रों में सुशासन की स्थापना, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को सरल, सुलभ तथा पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने शहरी विकास को जनविश्वास और जनभागीदारी से जोड़ते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया है।

See also  एलन मस्क का प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ ठप, हजारों यूजर्स प्रभावित

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आवास, स्वच्छता, जल आपूर्ति, सीवरेज, हरित सार्वजनिक परिवहन, डिजिटल सेवाओं और आधारभूत अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बड़ी संख्या में आवास पूर्ण किए गए हैं और नए लक्ष्यों पर तेजी से कार्य जारी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग में प्रदेश के नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मिशन अमृत 2.0 के माध्यम से जल प्रदाय और सीवेज परियोजनाओं को गति मिली है। पीएम ई-बस सेवा से शहरों में पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया गया है। 15वें वित्त आयोग और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से नगरीय अधोसंरचना को सुदृढ़ किया गया है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नालंदा परिसर जैसे आधुनिक अध्ययन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। “मोर संगवारी सेवा” और विभिन्न ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन प्रयासों से नगरीय क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं का दायरा लगातार मजबूत हो रहा है।

See also  गर्मी में यात्रियों को राहत, दुर्ग-हरिद्वार के बीच समर स्पेशल ट्रेन शुरू

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी महापौरों और नगरीय निकाय प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि विकास, विश्वास और जवाबदेही के संकल्प को और मजबूत करते हुए प्रदेश के शहरों को समृद्ध, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत कार्य जारी रहेगा।