futuredताजा खबरें

गुढ़ियारी से महादेव घाट तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 3 अगस्त 2025/ सावन मास के पवित्र अवसर पर राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक निकाली गई विशाल कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मारूति मंगलम भवन, गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक हजारों शिवभक्त जलाभिषेक के लिए रवाना हुए हैं। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखता है, बल्कि हमारे लोक-विश्वास की गहराई को भी प्रकट करता है। उन्होंने कहा कि सावन महीने में आयोजित कांवड़ यात्रा शिवभक्तों की आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है, जिसमें श्रद्धालु कई किलोमीटर की पदयात्रा कर भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व अत्यंत गहरा है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए एकत्र होते हैं। छत्तीसगढ़ की धरती भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का अद्वितीय संगम है। कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन केवल धार्मिक परंपरा को सहेजने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

See also  छत्तीसगढ़ में एलपीजी आपूर्ति सामान्य, कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए नई प्राथमिकता व्यवस्था लागू

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।