रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ का 131वां एपिसोड
रायपुर, 22 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का श्रवण किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, अखिलेश सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त संवाद बन चुका है। यह केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरक प्रयासों और असाधारण उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाला माध्यम है। उन्होंने कहा कि नागरिक प्रत्येक माह इसके प्रसारण का उत्सुकता से इंतजार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया। हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में भारत की तकनीकी शक्ति को वैश्विक सराहना मिली तथा ‘मेड इन इंडिया’ के तीन एआई मॉडल लॉन्च किए गए, जो देश की नवाचार क्षमता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भी स्टार्टअप संस्कृति, नवाचार और मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से तकनीकी नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत में धान की 500 से अधिक किस्मों की खेती हो रही है और देश विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है। इस उपलब्धि में छत्तीसगढ़ सहित देशभर के किसानों, वैज्ञानिकों और दूरदर्शी नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अमूल के माध्यम से पशु चिकित्सा और डेयरी प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग तथा ‘सुश्रुत संहिता’ जैसे प्राचीन ग्रंथों के संरक्षण और अनुवाद के प्रयासों का उल्लेख किया, जो भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने केरल की 10 माह की बालिका आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान के निर्णय का उल्लेख करते हुए इसे मानवता की अनुपम मिसाल बताया और उसके माता-पिता के साहस को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय कई लोगों को नया जीवन देने के साथ समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने डिजिटल फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों से सावधान रहने, केवाईसी और बैंकिंग सुरक्षा के प्रति सजग रहने का भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। साथ ही टी-20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की उपलब्धियों, राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘राजाजी उत्सव’ में सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा स्थापना, परीक्षार्थियों के लिए आत्मविश्वास का संदेश तथा रमजान और होली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ का प्रत्येक एपिसोड आत्मनिर्भर भारत, तकनीकी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में देश की प्रगति को रेखांकित करता है तथा नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।

