मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की सौजन्य भेंट, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा
रायपुर, 1 जनवरी 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की संभावनाओं, राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा उनके सुदृढ़ीकरण से जुड़े विषयों पर सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री शेखावत का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें राजकीय गमछा भेंट किया। साथ ही बस्तर दशहरा की परंपरा और सांस्कृतिक वैभव पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल से निर्मित स्मृति-चिन्ह प्रदान किया। चर्चा के दौरान राज्य के जनजातीय कला-शिल्प, ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, पर्यटन अवसंरचना के विस्तार और केंद्र-राज्य समन्वय के माध्यम से पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित थे।
