futuredछत्तीसगढताजा खबरें

नवा रायपुर में 27-28 मार्च को होगा भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन

राजधानी क्षेत्र में पहली बार बड़े पैमाने पर प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को एक मंच पर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में विधानसभा स्थित समिति कक्ष में आयोजित बैठक में आगामी प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने आयोजन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारियों ने बताया कि रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में दो दिवसीय भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम ‘मोर माटी, मोर मान’ रखी गई है, जो प्रवासी नागरिकों को अपनी जड़ों से जोड़ने का संदेश देगी।

सम्मेलन में देश-विदेश में रह रहे छत्तीसगढ़ मूल के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए विशेष ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आयोजन में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, परंपरा और कला से जुड़े रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।

See also  पुनर्वासित 120 युवाओं ने देखा विधानसभा सत्र, लोकतंत्र की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प

मुख्य सचिव ने कहा कि विदेशों में रह रहे प्रदेशवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने की यह पहल राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में आने वाले प्रवासियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही ऐसे प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई जा रही है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी नागरिक युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र लेंगे, जिससे उन्हें करियर और उद्यमिता के क्षेत्र में लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त, निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अलग सत्र आयोजित किए जाएंगे। यदि कोई प्रवासी उद्यमी प्रदेश में निवेश की सहमति देता है, तो संबंधित विभागों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए जाएंगे।

आयोजन के दौरान पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की विशेष व्यवस्था भी रहेगी, ताकि प्रवासी नागरिक अपनी सांस्कृतिक पहचान का अनुभव कर सकें।

See also  बीजापुर में DRG-माओवादियों की मुठभेड़, दो एसीएम ढेर; इस साल अब तक 25 नक्सली मारे गए

बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।