futuredछत्तीसगढताजा खबरें

रायपुर में 37वीं फेडरेशन कप वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया उद्घाटन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज 37वीं फेडरेशन कप वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज़ हुआ। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य वॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा 3 से 8 फरवरी तक किया जा रहा है।

चैंपियनशिप में देशभर की 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में 6 टीमें मैदान में उतर रही हैं। रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी सहित कई राज्यों की मजबूत टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं।

उद्घाटन मुकाबला पूरे उत्साह के साथ देखा मुख्यमंत्री ने

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री श्री साय इंडोर स्टेडियम में मौजूद रहे और तमिलनाडु तथा सर्विसेस के बीच खेले गए उद्घाटन मैच का पूरा आनंद लिया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और मुख्यमंत्री मैच समाप्त होने के बाद ही स्टेडियम से रवाना हुए। इस अवसर पर विधायक श्री सुनील सोनी भी उपस्थित थे।

See also  रायपुर–भिलाई–दुर्ग मार्ग पर जाम से मिलेगी बड़ी राहत, सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर बनेंगे ग्रेड सेपरेटर

खेलों से बन रही छत्तीसगढ़ की नई पहचान

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल जैसे खेल टीमवर्क, अनुशासन और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि लंबे समय से बंद राज्य खेल अलंकरण सम्मान को फिर से शुरू किया गया है। ओलंपिक खेलों में राज्य के किसी खिलाड़ी के चयन पर 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं पदक जीतने पर स्वर्ण के लिए 3 करोड़, रजत के लिए 2 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 1 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ ने देश और दुनिया में अपनी एक नई पहचान बनाई है। बस्तर ओलंपिक इसका बड़ा उदाहरण है, जिसमें लगातार बढ़ती संख्या में लोग भाग ले रहे हैं।

See also  रायपुर में 27–28 मार्च को होगा प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव, विदेश में रह रहे छत्तीसगढ़ियों की भागीदारी पर फोकस

आयोजकों और खेल संघों की सक्रिय भागीदारी

छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण में प्रतियोगिता की रूपरेखा और आयोजन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव श्री विक्रम सिसोदिया, भारतीय वॉलीबॉल संघ के महासचिव श्री रामानंद चौधरी सहित कई खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इन टीमों की भागीदारी

फेडरेशन कप वॉलीबॉल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
वहीं महिला वर्ग में रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। कई टीमों में अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।