futuredछत्तीसगढ

दुर्ग में परमहंस स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि ने ‘पवनपुत्र टाइम्स’ के ‘मानस में बजट’ अंक का किया विमोचन

दुर्ग, 23 फरवरी 2026। क्रियायोग साधना के विश्वगुरु परमहंस स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि ने 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालय दुर्ग में मासिक पत्रिका पवनपुत्र टाइम्स के फरवरी 2026 अंक ‘मानस में बजट’ का विधिवत विमोचन किया।

इस अवसर पर पत्रिका के प्रधान संपादक वसंतवीर उपाध्याय ने स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि को अंक की प्रति भेंट की। उल्लेखनीय है कि यह मासिक शोध पत्रिका रायपुर से प्रकाशित होती है और श्रीरामचरित मानस के इतिहास, साहित्य और समसामयिक संदर्भों पर आधारित विश्लेषणात्मक सामग्री प्रस्तुत करती है।

स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि ओड़िशा के जगन्नाथपुरी क्षेत्र स्थित अपने बालीघई आश्रम से दुर्ग में आयोजित क्रियायोग के विशेष ध्यान साधना शिविर में शामिल होने पहुंचे हैं। यह पाँच दिवसीय साधना शिविर 25 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से आए साधक सहभागिता कर रहे हैं।

शिविर के दौरान ‘मानस में बजट’ अंक का विमोचन करते हुए स्वामी प्रज्ञानानंद गिरि ने पत्रिका की विषयवस्तु की सराहना की और प्रधान संपादक वसंतवीर उपाध्याय को शुभकामनाएँ दीं। शिविर में उपस्थित साधकों ने भी पत्रिका के शोधपरक और वैचारिक लेखों की प्रशंसा की।

See also  छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत, कई जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना

प्रधान संपादक वसंतवीर उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी अंक का केंद्रीय विषय ‘मानस और बजट’ है। इस अंक का अग्रलेख श्रीकृष्ण के वचन—“मैं ऋतुओं में वसंत हूं”—पर आधारित है, जिसमें दार्शनिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से विचार प्रस्तुत किए गए हैं।

अन्य प्रमुख लेखों में ‘मानस में बजट’, ‘अवध और कोसल समय के कोष की संरचना’, ‘महाराजा अग्रसेन के बजट संबंधी संदेश और सामाजिक समरसता’, ‘भारत का बजट सत्र: विधानसभा से लोकसभा तक’ तथा ‘मानस में शिव, शिवत्व और सेवा’ जैसे शोधपरक एवं समसामयिक विषय शामिल हैं।

इस अंक से एक नया कॉलम भी प्रारंभ किया गया है। प्रथम प्रस्तुति ‘रावण की कूटनीति और राम की सहज नीति’ शीर्षक से प्रकाशित की गई है, जिसमें नीति, नेतृत्व और धर्म के आयामों पर रोचक विश्लेषण किया गया है।

पत्रिका में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों का संतुलित चयन भी पाठकों को समसामयिक संदर्भों से जोड़ता है। विमोचन समारोह और साधना शिविर का वातावरण आध्यात्मिकता और वैचारिक संवाद से परिपूर्ण रहा।

See also  लद्दाख कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की एनएसए के तहत हिरासत खत्म, केंद्र सरकार ने लिया फैसला