futuredछत्तीसगढ

परीक्षा पे चर्चा 2026 में छत्तीसगढ़ का परचम, 29.29 लाख पंजीयन, महासमुंद की सृष्टि साहू का चयन

रायपुर, 20 जनवरी 2026/ परीक्षा पे चर्चा के नवें संस्करण में इस वर्ष भी विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। पंजीयन की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 29.29 लाख प्रतिभागियों ने पोर्टल पर पंजीयन कराया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.16 लाख अधिक है। यह आंकड़ा कार्यक्रम के प्रति बढ़ती रुचि और जागरूकता को दर्शाता है।

गत वर्ष पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर रहा था। इस वर्ष अंडमान एवं निकोबार, चंडीगढ़ और लक्षद्वीप के बाद राज्य को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 1.41 लाख पालकों ने पंजीयन कराया, जो शिक्षा के प्रति पालकों की बढ़ती सहभागिता का संकेत है।

प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया

प्रथम चरण में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों से संबंधित वीडियो आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित तिथि तक जिलों से कुल 171 विद्यार्थियों के वीडियो प्राप्त हुए। गठित समिति द्वारा परीक्षण के बाद 18 विद्यार्थियों का चयन कर उनका विवरण केंद्र को भेजा गया। चयनित विद्यार्थियों में पीएमश्री विद्यालय से 4, सेजस से 6, निजी विद्यालयों से 4, शासकीय विद्यालयों से 3 तथा केजीबीव्ही से 1 विद्यार्थी शामिल हैं।

See also  रायपुर साहित्य उत्सव–2026 के लिए निःशुल्क बस सेवा, शहर से उत्सव स्थल तक 6 विशेष रूट

महासमुंद की सृष्टि साहू का केंद्रीय स्तर पर चयन

केंद्र की समिति द्वारा महासमुंद जिले के स्वामी आत्मानंद विद्यालय, नयापारा की कक्षा 12वीं (गणित संकाय) की छात्रा सृष्टि साहू का चयन किया गया है। सृष्टि साहू को उनके माता-पिता नरेंद्र कुमार साहू और दिनेश्वरी साहू के साथ 21 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

प्रशासन और विद्यालय परिवार की प्रतिक्रिया

सृष्टि साहू के चयन पर जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगहे ने उनसे भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्राचार्या अमी रूफस ने बताया कि सृष्टि एक अनुशासित, परिश्रमी और अध्ययनशील छात्रा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सृष्टि बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय नायक की भूमिका में प्राचार्य की कुर्सी पर बैठकर नेतृत्व कर चुकी हैं।

परिवार का सहयोग और गर्व

सृष्टि साहू के पिता शासकीय विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता गृहणी हैं। दोनों ने अपनी पुत्री के चयन को परिवार और जिले के लिए गौरव का विषय बताया।

See also  स्वाधीनता और स्वाभिमान के अमर प्रतीक महाराणा प्रताप

विद्यालय और विभागीय प्रयासों की सराहना

प्राचार्य के अनुसार विद्यालय के शिक्षकों ने परीक्षा पे चर्चा के लिए विद्यार्थियों के पंजीयन और अभ्यास हेतु विशेष प्रयास किए। विद्यालय में 100 प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।

सृष्टि साहू के चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे और शिक्षा विभाग ने बधाई दी। छात्रा के दिल्ली प्रवास से संबंधित व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूरा कराने में जिला परियोजना समन्वयक रेखराज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा भी महासमुंद जिले को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गई हैं।

आगामी चरण की प्रतीक्षा

परीक्षा पे चर्चा 2026 के आगामी चरणों में अन्य विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया जारी है, जिसके परिणामों की प्रतीक्षा की जा रही है।