मानपुर में जनजातीय संग्रहालय की स्थापना की घोषणा

आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए मानपुर में जनजातीय संग्रहालय की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज विकास यात्रा के दौरान प्रदेश के विकासखण्ड मुख्यालय मानपुर (जिला-राजनांदगांव) में एक विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा।
उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए एक रूपए किलो चावल की योजना राज्य सरकार की सबसे बड़ी योजना है, जो कभी बंद नहीं होगी। डॉ. सिंह ने इसके बाद बालोद जिले के डौंडी में स्वागत सभा को सम्बोधित किया। उन्होंने मानपुर की आमसभा में क्षेत्र के विकास के लिए 359 करोड़ रूपए के 155 निर्माण कार्याें का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
इसके अलावा उन्होंने लैपटाप पर एक क्लिक करते हुए 17 हजार 694 किसानों के वर्ष 2017 का 15 करोड़ 89 लाख रूपए धान का बोनस उनके बैंक खातों में जमा कर दिया।
डॉ. सिंह ने किसानों से कहा – आमसभा से जब घर के लिए रवाना होंगे तो घर पहुंचने से पहले बोनस की यह राशि आपके खाते में पहुंच जाएगी। आमसभा में मुख्यमंत्री ने जिला कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा युवाओं के कौशल उन्नयन के लिए बनाये गए मोबाइल एप्प का भी लोकार्पण किया। यह प्रदेश का पहला कौशल उन्नयन एप्प है।
डॉ. सिंह ने मानपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को बेहतर ढंग से विकसित करने और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने के लिए 4 करोड़ रूपए तत्काल मंजूर करने की घोषणा की। उन्होंने मानपुर में पानी टंकी की भी मंजूरी दी, साथ ही 50 लाख से 60 लाख रूपए की लागत से एक अच्छा बस स्टैंड बनवाने का ऐलान किया।
डॉ. सिंह ने मानपुर में आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए जनजातीय संग्रहालय की स्थापना करने और आम जनता की सुविधा के लिए औंधी में विद्युत वितरण केन्द्र के एक जूनियर इंजीनियर को तैनात करने की भी घोषणा की और कहा कि वहां पर वितरण केन्द्र खोला जाएगा, जिससे 25 गांवों के लोगों को बिजली से संबंधित अपनी समस्याओं की जानकारी देने के लिए मानपुर नहीं आना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में मानपुर-पानाबरस इलाके का इतिहास काफी समृद्ध है। इसे देखते हुए मानपुर में लाल निजाम शाह के राजबाड़े का जीर्णोद्धार भी जल्द करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आम सभा में अपने भाषण में सबसे पहले क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री देवप्रसाद आर्य का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा-बुजुर्गों के आशीर्वाद से ही व्यक्ति के जीवन में तरक्की का रास्ता खुलता है।