futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 128 वीं कड़ी: प्रधानमंत्री ने नवाचार, कृषि उपलब्धियों और गीता महोत्सवों पर दिए प्रेरक संदेश

रायपुर, 30 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 128वीं कड़ी सुनी और इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ आज देश की सामूहिक चेतना का उत्सव बन चुका है, जहां प्रधानमंत्री एक अभिभावक की तरह राष्ट्र के महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखते हैं और हर माह लोगों को प्रेरक संदेश देते हैं।

साय ने कहा कि मन की बात देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों, जनभागीदारी और उत्कृष्ट प्रयासों को सम्मान दिलाने का माध्यम बन चुका है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, विभिन्न राज्यों में शहद प्रसंस्करण की आधुनिक विधियां, शहद उत्पादन में हो रही वृद्धि, नौसेना सशक्तिकरण, नेवल म्यूजियम, नेचर फॉर्मिंग के महत्व, और सऊदी अरब में पहली बार सार्वजनिक मंच पर गीता पाठ, साथ ही लातविया और विभिन्न देशों में आयोजित गीता महोत्सवों की सराहना की, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नेचर फॉर्मिंग के लिए अपार संभावनाएं हैं, और यहां के किसान व युवा उद्यमी इस दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि देश के खाद्यान्न उत्पादन में हुई बड़ी वृद्धि में छत्तीसगढ़ का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।

See also  मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना: 429 करोड़ से अधिक की स्वीकृतियां, छत्तीसगढ़ के 14 नगर निगमों में तेजी से बदल रही शहरों की तस्वीर

साय ने कहा कि आज की ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री द्वारा साझा की गई जानकारियाँ युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरक हैं। प्रधानमंत्री ने स्पेस टेक्नोलॉजी में जेन-ज़ी युवाओं द्वारा मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में ड्रोन परीक्षण, चंद्रयान-2 की असफलता से चंद्रयान-3 की सफलता तक की प्रेरक यात्रा, महिला खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव, महाभारत आधारित 3D लाइट एंड साउंड म्यूज़ियम, स्वदेशी डिज़ाइन वाले युद्धपोत INS माहे, भूटान यात्रा, काशी तमिल संगमम, विंटर टूरिज्म, विंटर गेम्स, और वोकल फॉर लोकल के तहत देशभर में चल रहे नवाचारों व पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी विश्व के लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं, और ‘मन की बात’ के माध्यम से वे सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों पर महत्वपूर्ण संदेश जनता तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम हमें यह सीख देता है कि ‘लोकल को ग्लोबल’ कैसे बनाया जा सकता है।

See also  युवा मन की उलझनों में भगवद्गीता का प्रकाश: कर्म, विवेक और आत्मबल का संदेश

उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन इसलिए विशेष है क्योंकि प्रधानमंत्री खुद रायपुर में मौजूद हैं और इसी दौरान ‘मन की बात’ सुनने का अवसर मिला।

प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में 26 नवंबर संविधान दिवस पर सेंट्रल हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में होने वाले आयोजनों, 25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा आरोहण, और उसी दिन कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में ‘पांचजन्य’ स्मारक के लोकार्पण की जानकारी साझा की।

प्रधानमंत्री ने हैदराबाद में विश्व की सबसे बड़ी लीप इंजन MRO सुविधा के उद्घाटन को भारत की एयरोस्पेस क्षमता में बड़ी छलांग बताया। उन्होंने पिछले सप्ताह मुंबई में नौसेना को समर्पित INS माहे के शामिल होने और भारत के स्पेस सेक्टर में स्काईरूट के ‘इन्फिनिटी कैंपस’ की शुरुआत को भारत की नई सोच, नवाचार और युवा शक्ति का प्रतीक बताया।

कृषि क्षेत्र में भी देश ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत ने 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है, जो दस वर्ष पहले की तुलना में 100 मिलियन टन अधिक है।

See also  प्रधानमंत्री आवास योजना में 26,400 घर स्वीकृत: बलौदाबाजार में आवास चौपालों के माध्यम से तेजी से हो रहा कार्य

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि खेलों में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है, और हाल ही में देश को कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलना गौरव का विषय है।

कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि यूरोप और सेंट्रल एशिया के कई देशों के लोग गीता से प्रेरित होकर इसमें शामिल हुए। इसके अलावा सऊदी अरब में पहली बार सार्वजनिक मंच पर गीता का वाचन और लातविया में आयोजित गीता महोत्सव, जिसमें लातविया, एस्टोनिया, लिथुआनिया और अल्जीरिया के कलाकार शामिल हुए, भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

कार्यक्रम में कबिनेट मंत्री केदार कश्यप, कबिनेट मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, कबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय, विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।