futuredछत्तीसगढ

नक्सली हमले में शहीद एएसपी को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, घायल जवानों से की भेंट

रायपुर, 09 जून 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में शहीद एएसपी श्री आकाश राव गिरपुंजे के राजधानी रायपुर स्थित निवास पर पहुंचकर पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि शहीद गिरपुंजे ने अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण से कर्तव्य पालन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। पूरा प्रदेश उनके शौर्य पर गर्व करता है। सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है।

मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री श्री केदार कश्यप, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) श्री विवेकानंद सिन्हा भी उपस्थित थे।

नक्सली हमले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने अपना राजनांदगांव का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर मंत्रालय, महानदी भवन स्थित कार्यालय में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने कोंटा में हुए आईईडी विस्फोट की जानकारी अधिकारियों से ली और नक्सल ऑपरेशनों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि घायल जवानों को त्वरित एवं सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

See also  छत्तीसगढ़ में रेल क्रांति : 47 हजार करोड़ रूपए की रेल विकास परियोजनाएं प्रगति पर

बैठक में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद सिन्हा और मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ALSO READ : छत्तीसगढ़ की ताजा खबरे

ALSO READ : राज्यों की खबरें

ALSO READ : घुमक्कड़ी लेख 

ALSO READ : लोक संस्कृति लेख 

ALSO READ : धर्म एवं अध्यात्म लेख