futuredताजा खबरें

रायपुर में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का भव्य शुभारंभ, 30 राज्यों के 2500 खिलाड़ी शामिल

रायपुर, 25 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में देश के प्रथम ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आयोजन की आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

यह राष्ट्रीय आयोजन 25 मार्च से 3 अप्रैल तक रायपुर, बस्तर और सरगुजा में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 30 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से लगभग 2500 खिलाड़ी 9 खेल विधाओं में भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और ओलंपिक पदक विजेता साइखोम मीराबाई चानू की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल में देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में 4 लाख तथा सरगुजा ओलंपिक में साढ़े तीन लाख लोगों की भागीदारी जनजातीय समाज में खेलों के प्रति उत्साह को दर्शाती है। आत्मसमर्पित नक्सलियों का ‘नुआबाट’ पहल के माध्यम से मुख्यधारा में लौटकर इन आयोजनों में भाग लेना सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है।

See also  बस्तर में बड़ी हलचल: कुख्यात नक्सली पापा राव के सरेंडर की तैयारी, 17 साथियों के साथ कर सकता है आत्मसमर्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू किया है, जिसके तहत खेल अधोसंरचना और प्रतिभा विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। रायपुर और बिलासपुर में खेलो इंडिया रेजिडेंशियल अकादमियां संचालित हैं, जबकि जशपुर, रायगढ़ और रायपुर में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओलंपिक में चयनित खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये, स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये देने का प्रावधान है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर स्थित देश के दूसरे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का नाम जनजातीय नायक शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर रखा गया है। उन्होंने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय शौर्य और बलिदान की भूमि रही है। उन्होंने वीर नारायण सिंह, गेंद सिंह और गुण्डाधुर जैसे नायकों का उल्लेख करते हुए बताया कि नवा रायपुर में उनके सम्मान में म्यूजियम बनाया गया है।

See also  छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक के विरोध में ईसाई संगठन क्यों?

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना ऐतिहासिक है और आने वाले वर्षों में भी यह आयोजन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन शैली का आधार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल संस्कृति के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश में खेलों को नई दिशा दी है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान राम के ननिहाल में इस आयोजन का शुभारंभ होना शुभ संकेत है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, इंद्र कुमार साव, महापौर मीनल चौबे, मुख्य सचिव विकासशील सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

See also  प्रयोगशाला परिचारक भर्ती 2023: अंतिम परिणाम जारी, 430 अभ्यर्थियों का चयन