खल्लारी रोप-वे हादसा: प्रभावितों के लिए मुआवजे का ऐलान, जांच के निर्देश
महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए रोप-वे हादसे के बाद राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को 5 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और सरकार इस कठिन समय में हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने इस मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जाएगी।

