स्कूल शिक्षा विभाग में 1227 व्याख्याताओं की पदोन्नति, अब तक 7000 से अधिक पदोन्नति आदेश जारी
रायपुर, 23 जुलाई 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शिक्षा व्यवस्था में निरंतर सुधार लाने और शिक्षक समुदाय को प्रोत्साहित करने हेतु ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज 23 जुलाई 2025 को राज्य के विभिन्न विषयों के कुल 1227 व्याख्याता (टी संवर्ग) शिक्षकों को पदोन्नति आदेश जारी किए गए हैं।
इन व्याख्याताओं की पदस्थापना काउंसिलिंग प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और स्कूलों में आवश्यकता अनुसार योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा सके। जिन विषयों में यह पदोन्नतियाँ की गई हैं, उनमें हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन शास्त्र, जीवविज्ञान, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य जैसे मुख्य शैक्षणिक विषय शामिल हैं।
यह निर्णय राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके अंतर्गत शिक्षकों को उनकी कार्यदक्षता, वरिष्ठता एवं शैक्षणिक योग्यता के आधार पर समय पर पदोन्नति और नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
एक वर्ष में 7000 से अधिक पदोन्नतियाँ
उल्लेखनीय है कि विगत एक वर्ष में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला एवं संभाग स्तर पर लगभग 7000 पदों पर पदोन्नति की कार्यवाही सफलतापूर्वक पूर्ण की जा चुकी है।
इसके अतिरिक्त, प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 2621 सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) की नियुक्ति भी प्रत्यक्ष भर्ती एवं काउंसिलिंग के माध्यम से की गई है, जिससे स्कूलों में प्रयोगशाला आधारित शिक्षण को मजबूती मिलेगी।
30 अप्रैल 2025 को 2900 प्राचार्य पदोन्नत
इससे पूर्व 30 अप्रैल 2025 को लगभग 2900 प्राचार्यों के पदोन्नति आदेश जारी किए गए थे। आने वाले दिनों में इन प्राचार्यों की पदस्थापना भी काउंसिलिंग के माध्यम से की जाएगी, जिससे स्थान-आवश्यकता के अनुरूप समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
ई संवर्ग प्राचार्य पदोन्नति पर न्यायालय का निर्णय प्रतीक्षित
ई संवर्ग के प्राचार्यों से संबंधित पदोन्नति का प्रकरण माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। विभाग द्वारा सूचित किया गया है कि न्यायालय के निर्देशानुसार समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।