futuredछत्तीसगढ

दामाखेड़ा संत समागम की राशि बढ़ाकर 75 लाख, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—छत्तीसगढ़ को बनाना है विकसित प्रदेश

रायपुर, 02 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य को अभी बहुत आगे ले जाना है और उसे एक आदर्श विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। इसी क्रम में उन्होंने संत समागम समारोह, कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पंथ उदित मुनि नाम साहेब और पंथ प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष और अधिक भव्य रूप ले रहा है, जो समाज में बढ़ती आस्था और विश्वास का प्रतीक है।

See also  भिलाई में तीन दिवसीय कबीर महायज्ञ में गूंजे संत कबीर के अमूल्य संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर गहरा और व्यापक प्रभाव है, इसी कारण प्रदेश की सामाजिक संरचना में शांति, सहिष्णुता और समरसता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे बचपन से ही कबीरपंथ से परिचित हैं और उनके पैतृक गांव बगिया में भी 8 से 10 कबीरपंथी परिवार निवास करते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में लंबे समय से बाधा बने नक्सलवाद का अंत अब निकट है और 31 मार्च 2026 तक यह समस्या प्रदेश से पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को तेजी और दृढ़ता के साथ पूरा कर रही है।

See also  ₹7,470 करोड़ के रेल बजट से छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक बदलाव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया आभार

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ उदित मुनि नाम साहब का चादर तिलक अत्यंत अद्भुत और अलौकिक रहा। उन्होंने बताया कि पंथ उदित मुनि नाम साहब वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति और युवा उत्थान जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीर आश्रम के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर सदैव गंभीर रहते हैं और अधिकारियों को इन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हैं। कार्यक्रम को खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल और भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी संबोधित किया।

समारोह में पंथ प्रकाश मुनि नाम साहब ने कबीरपंथी समाज की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष माघ मेले के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीरपंथ के नए संवाहक, 16वें वंशाचार्य पंथ उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में कबीरपंथी संत इस समागम में शामिल हुए हैं और आयोजन को शासन व प्रशासन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ है।

See also  रायपुर में विश्वकर्मा समाज ने भगवान विश्वकर्मा प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया

समारोह में पंथ उदित मुनि नाम साहब, गुरुगोसांई भानुप्रताप साहब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहु, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित सदगुरु कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।