futuredछत्तीसगढ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 30 नव चयनित खनि निरीक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

रायपुर, 19 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा की दृष्टि से देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल है और खनिज प्रशासन के प्रभावी संचालन में मैदानी अमले की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

मुख्यमंत्री ने नव चयनित खनि निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग में नई नियुक्तियों से कार्यबल सशक्त होगा और खनिज अन्वेषण तथा खनन गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त खनि निरीक्षक अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए खनिज प्रशासन को और मजबूत बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, डायमंड, गोल्ड और लिथियम सहित अनेक खनिज संपदाओं से परिपूर्ण है। खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से खनिज राजस्व बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

See also  जाणता राजा महानाट्य में बोले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, शिवाजी का जीवन साहस और आदर्श नेतृत्व की मिसाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि खनि निरीक्षक के रूप में आप सभी पर बड़ी जिम्मेदारी है। पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए राज्य के संसाधनों के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग को सुनिश्चित करें।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 खनि निरीक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।