futuredछत्तीसगढताजा खबरें

सिटी गैस परियोजना से छत्तीसगढ़ को मिली नई ऊर्जा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ

छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया। एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीएनजी से संचालित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता श्रीमती पूनम चौबे से संवाद कर नई व्यवस्था के अनुभवों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य अपने गठन के 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इन वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी गई है। सिटी गैस परियोजना इसी प्रगति यात्रा का एक अहम पड़ाव है। उन्होंने इसे केवल एक सुविधा विस्तार नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के प्रसार और आधुनिक अधोसंरचना निर्माण की दिशा में राज्य की प्रतिबद्धता बताया।

उन्होंने कहा कि अब मेट्रो शहरों की तर्ज पर डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) के माध्यम से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति होगी। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल की परेशानी से राहत मिलेगी, साथ ही सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा। सस्ती और निर्बाध ऊर्जा उपलब्ध होने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।

See also  वीर सावरकर का जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने एचसीजी समूह को बधाई देते हुए अपेक्षा जताई कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में भी शीघ्र ही सीएनजी स्टेशनों का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहनों में सीएनजी के उपयोग से प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी और नागरिकों के ईंधन व्यय में भी बचत होगी।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल में प्रस्तुत राज्य बजट में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच सुविधाओं के अंतर को कम करना है, ताकि प्रदेशवासियों को महानगरों जैसी आधुनिक सेवाएं मिल सकें। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देते हुए राज्य विकास और पर्यावरण संतुलन को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहता है।

गौरतलब है कि सिटी गैस अवसंरचना परियोजना की शुरुआत रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में की गई है। इसके अंतर्गत घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ताओं को पाइपलाइन के माध्यम से पीएनजी उपलब्ध कराई जाएगी तथा वाहनों के लिए सीएनजी की सुविधा भी विकसित की जाएगी।

See also  एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला, अस्पताल में मौत

कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन, गेल इंडिया के प्रतिनिधि और उद्योग जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।