futuredताजा खबरें

₹7,470 करोड़ के रेल बजट से छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक बदलाव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया आभार

रायपुर, 2 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के व्यापक विकास के लिए ₹7,470 करोड़ के ऐतिहासिक बजट प्रावधान किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सतत और समन्वित प्रयासों के कारण आज छत्तीसगढ़ में रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2009–14 के दौरान राज्य में रेलवे के लिए जहां वार्षिक औसत बजट केवल ₹311 करोड़ था, वहीं 2026–27 में यह बढ़कर ₹7,470 करोड़ हो गया है, जो लगभग 24 गुना की ऐतिहासिक वृद्धि को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में ₹51,080 करोड़ की लागत के रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं। इनमें नए रेल ट्रैक का निर्माण, प्रमुख रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, क्षमता विस्तार और सुरक्षा से जुड़े अहम कार्य शामिल हैं। यह निवेश राज्य की कनेक्टिविटी को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा।

See also  रायपुर में विश्वकर्मा समाज ने भगवान विश्वकर्मा प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया

उन्होंने विशेष रूप से सुदूर वनांचल बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जगदलपुर को जोड़ने वाला रावघाट–जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट जनजातीय समाज के लिए केंद्र सरकार की ओर से एक अमूल्य उपहार है। इस परियोजना से न केवल बस्तर की आवाजाही सुगम होगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि परमलकसा–खरसिया कॉरिडोर के साथ-साथ नए फ्रेट कॉरिडोर को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ में यात्री रेलगाड़ियों की संख्या लगभग दोगुनी होने की संभावना है, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इनमें डोंगरगढ़ (फेज-I), अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा जैसे स्टेशन पूर्ण रूप से विकसित हो चुके हैं। इसके साथ ही राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस की दो जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की एक जोड़ी सेवाएं यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल अनुभव प्रदान कर रही हैं।

See also  रायपुर के मठ पुरैना वार्ड स्थित एसबीआई एटीएम बूथ में फिर फैली गंदगी, बैंक प्रबंधन की लापरवाही उजागर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक राज्य में लगभग 1,200 किलोमीटर नए रेल ट्रैक का निर्माण, 100 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण, 170 फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण तथा ‘कवच’ जैसी अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की स्थापना की गई है। इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ रेलवे सुविधा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को इन युगांतकारी पहलों के लिए हृदय से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह विकास केवल रेल पटरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश के व्यापार, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और आमजन के जीवन में नई ऊर्जा और नए अवसर पैदा हो रहे हैं।