होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ की सौगात, ₹3100 प्रति क्विंटल की अंतर राशि का होगा एकमुश्त भुगतान
11 फरवरी 2026/ मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी
बैठक में छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी–मार्च 2026) के लिए माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप को अनुमोदन दिया गया।
विनियोग विधेयक-2026 को स्वीकृति
मंत्रिपरिषद ने बजट अनुमान वर्ष 2026-27 को विधानसभा में प्रस्तुत करने हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को भी मंजूरी प्रदान की।
किसानों को होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये का भुगतान
मंत्रिपरिषद ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर की राशि होली पर्व से पूर्व एकमुश्त देने का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की राशि 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में राज्य के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।
राज्य सरकार द्वारा संचालित कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक बताई जा रही है।
बीते दो वर्षों में इस योजना के तहत किसानों को धान मूल्य अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। होली से पहले 10 हजार करोड़ रुपये के भुगतान के बाद यह कुल राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं की समृद्धि ही राज्य की समृद्धि है। सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
