futuredछत्तीसगढताजा खबरें

छत्तीसगढ़ में अवैध धान परिवहन पर सख्ती, 1 से 16 नवंबर के बीच 19,320 क्विंटल धान जब्त

रायपुर, 16 नवंबर 2025। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही छत्तीसगढ़ सरकार ने अवैध धान परिवहन और भंडारण पर निगरानी तेज कर दी है। मार्कफेड द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, 1 नवंबर से 16 नवंबर के बीच राज्य में कुल 19,320 क्विंटल अवैध रूप से लाया जा रहा धान जब्त किया गया है।

अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सरकार ने सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्टों को मजबूत किया है और कलेक्टरों की अध्यक्षता में विशेष टास्कफोर्स तैनात की गई हैं। इसके साथ ही मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से समर्थन मूल्य धान खरीदी व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।

कौन-से जिलों में कितना धान पकड़ा गया?

जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक जब्ती महासमुंद जिले में हुई है, जहाँ 4266 क्विंटल धान पकड़ा गया। इसके बाद क्रमशः:

  • बलरामपुर: 4139 क्विंटल

  • सूरजपुर: 1750 क्विंटल

  • रायगढ़: 1201 क्विंटल

  • जशपुर: 1157 क्विंटल

  • गौरेला–पेंड्रा–मरवाही: 967 क्विंटल

  • कोण्डागांव: 869 क्विंटल
    अन्य जिलों में भी सैकड़ों क्विंटल धान की जब्ती की गई है, जिससे स्पष्ट है कि राज्य में अवैध धान परिवहन को लेकर निगरानी बेहद सख्त है।

See also  राज्य के सभी जिलों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी, किसानों में संतोष

दो बड़ी कार्रवाइयाँ भी की गईं

आज अवैध धान के खिलाफ दो महत्वपूर्ण कार्रवाईयों को अंजाम दिया गया।
मार्कफेड के कंट्रोल सेंटर से मिले अलर्ट के बाद कोंडागांव जिले की टीम ने मौके पर पहुंचकर 600 बैग (231.5 क्विंटल) धान बरामद किया।
इसी तरह, ग्राम त्रिशूली (थाना सनवाल) में रात्री गश्त के दौरान अशोक सिंह के घर के बाहर बनाए गए शेड में 222 कट्टा धान मिला। विवाद की आशंका को देखते हुए दिन में तहसीलदार, थाना प्रभारी, महिला पुलिस एवं मंडी कर्मचारियों की मौजूदगी में विस्तृत जांच की गई और धान की विधिवत जब्ती की गई।

‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति

शासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य धान खरीदी में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य विभाग ने बताया कि धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के लिए रियल-टाइम सर्विलांस किया जा रहा है, और पुलिस व जिला प्रशासन लगातार सीमावर्ती क्षेत्रों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

See also  छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की नई योजना की घोषणा, 200 यूनिट तक मिलेगा हाफ बिल का लाभ

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले की यह सख्ती राज्य में अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में प्रभावी साबित हो रही है।