बलौदाबाजार में वर्षाकालीन वृहद वृक्षारोपण अभियान आरंभ
बलौदाबाजार। जिले में मानसून के आगमन के साथ ही हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री दीपक सोनी के निर्देशन में उद्यानिकी एवं वन विभाग द्वारा इस अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आम नागरिकों को निःशुल्क पौधे वितरित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण में भागीदारी कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
इसी क्रम में मंगलवार को उद्यानिकी विभाग द्वारा जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टोरेट परिसर में 500 पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। इन पौधों में आम, अमरूद, जामुन, कटहल, बेल, नींबू सहित अन्य फलदार और छायादार प्रजातियों को शामिल किया गया था।
उद्यानिकी विभाग की सहायक संचालक श्रीमती आभा पाठक ने जानकारी दी कि पूरे जिले में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। “ब्लॉक प्लांटेशन” के साथ-साथ “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भी नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल पर्यावरण को संरक्षित करना है, बल्कि लोगों के भावनात्मक जुड़ाव को भी वृक्षारोपण से जोड़ना है।
उद्यानिकी विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखंड मुख्यालयों में फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण जारी है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर निःशुल्क पौधों को अपनाएं, उन्हें लगाएं और उनका संरक्षण कर हरियाली बढ़ाने में अपना अमूल्य योगदान दें।