futuredछत्तीसगढताजा खबरें

बिलासपुर में मुख्यमंत्री ने किया गोंड राजा रघुराज सिंह की प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने एकदिवसीय बिलासपुर प्रवास के दौरान शहर के प्रमुख खेल परिसर रघुराज स्टेडियम में गोंड दानदाता राजा रघुराज सिंह जगत की आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया। समारोह के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

बताया जाता है कि पंडरिया जमींदारी के राजा रघुराज सिंह जगत ने वर्ष 1958 में बिलासपुर शहर के मध्य स्थित लगभग पाँच एकड़ मूल्यवान भूमि खेलों के प्रोत्साहन के उद्देश्य से दान कर दी थी। इसी भूमि पर आगे चलकर रघुराज स्टेडियम का निर्माण हुआ, जो आज शहर की खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। वर्तमान में इसकी देखरेख फिजिकल कल्चरल सोसाइटी द्वारा की जाती है।

यह स्टेडियम कई ऐतिहासिक रणजी मुकाबलों का साक्षी रहा है। वर्ष 1978, 1979 और 1981 में यहां मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम ने विदर्भ क्रिकेट टीम तथा रेलवे क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच खेले थे। इसके साथ ही अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी यहां अपने कौशल का प्रदर्शन कर चुके हैं।

See also  छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025–30 को मंजूरी, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिमा अनावरण के बाद उपस्थित खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।