नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, 14 माओवादी न्यूट्रलाइज़
रायपुर, 3 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विश्वास, विकास और सुरक्षा ही बस्तर की नई पहचान बन चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब बस्तर में हिंसा नहीं, बल्कि शांति ही एकमात्र विकल्प है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों में निर्णायक सफलता मिली है, जिसमें 14 माओवादियों को न्यूट्रलाइज़ किया गया। यह सफलता सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, सतत दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ का परिणाम है, जिससे माओवादी नेटवर्क तेजी से कमजोर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। यह सकारात्मक बदलाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों की अदम्य वीरता, संवेदनशील पुनर्वास नीति और बस्तर की जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने अभियान में शामिल सभी जवानों के शौर्य को नमन करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता चुन रहे हैं, वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ें, सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और सम्मानपूर्वक जीवन जिएं। अन्यथा, राज्य शासन और सुरक्षा बल कानून व संविधान के अनुरूप अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अपने अंतिम चरण में है और बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित है।
