बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ताकत, सुकमा में ‘अटल आरोग्य लैब’ का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिला चिकित्सालय में ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया। यह पहल विशेष रूप से दूरस्थ, वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
1046 स्वास्थ्य संस्थानों में मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल आरोग्य लैब के माध्यम से प्रदेश के 1046 स्वास्थ्य संस्थानों—जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक—मुफ्त जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
133 तरह की जांचें होंगी निःशुल्क
इस डिजिटल प्रणाली के जरिए मरीजों को 133 प्रकार की जांचें बिना किसी शुल्क के उपलब्ध होंगी। जांच रिपोर्ट सीधे एसएमएस और व्हाट्सऐप के माध्यम से मरीजों तक भेजी जाएगी, जिससे उन्हें बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सरकार का कहना है कि इससे इलाज की प्रक्रिया तेज होगी, समय बचेगा और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी।
दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर जैसे दूरदराज इलाकों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है, ताकि स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि अटल आरोग्य लैब से रक्त जांच सहित कई बीमारियों की पहचान तेजी और सटीकता से हो सकेगी, जिससे समय पर उपचार शुरू किया जा सकेगा।
सुकमा अस्पताल पहले से सुविधायुक्त
जिला चिकित्सालय सुकमा में पहले से ही ब्लड बैंक, सोनोग्राफी, एक्स-रे, ईसीजी, आपातकालीन सेवाएं, सीजेरियन प्रसव, पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) और डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अब अटल आरोग्य लैब जुड़ने से यहां की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत और व्यापक हो जाएंगी।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी. सहित कई अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

