\

बदलापुर कांड के आरोपी अक्षय शिंदे की पुलिस मुठभेड़ में मौत

बदलापुर कांड के आरोपी अक्षय शिंदे की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। इस घटना के बाद महाराष्ट्र में सियासी माहौल गरमा गया है। ठाणे पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है, जो डीसीपी के नेतृत्व में इस पूरे मामले की जांच करेगी। ठाणे पुलिस ने इस मुठभेड़ की पूरी जानकारी दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अक्षय शिंदे, जो एक स्कूल में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था और बदलापुर रेप केस समेत कई अन्य मामलों में आरोपी था, तलोजा सेंट्रल जेल में न्यायिक रिमांड पर था। सोमवार को एक अन्य मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस उसे तलोजा जेल से बदलापुर ले जा रही थी। इस दौरान शिंदे ने एक पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीन ली और गोलीबारी शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम लगभग 6:15 बजे मुंद्रा बाइपास पर हुई, जब आरोपी ने पुलिस अधिकारी नीलेश मोरे की सर्विस पिस्तौल खींच ली और तीन राउंड फायर किए। इसमें से एक गोली नीलेश मोरे की बायीं जांघ में लगी। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में आरोपी पर गोली चलाई, जिससे अक्षय शिंदे घायल हो गया।

घायल अवस्था में पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी अक्षय शिंदे और पुलिस अधिकारी नीलेश मोरे को छत्रपति शिवाजी महाराज सरकारी अस्पताल, कलवा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अक्षय शिंदे को मृत घोषित कर दिया। शिंदे के शव का पोस्टमार्टम मुंबई के सर जेजे अस्पताल में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *