केआईटीजी-2026: छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल फाइनल में, सेमीफाइनल में दिखा शानदार मुकाबला
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत राजधानी रायपुर में खेले गए पुरुष फुटबॉल सेमीफाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल ने जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है। मुकाबले स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम, कोटा में आयोजित किए गए।
दूसरे सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और पहले हाफ में 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि दूसरे हाफ में अरुणाचल प्रदेश ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अंततः छत्तीसगढ़ ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वहीं पहले सेमीफाइनल में पश्चिम बंगाल ने शानदार खेल दिखाते हुए गोवा को 5-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब खिताबी मुकाबला छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बीच खेला जाएगा, जिससे मुकाबले के रोमांचक होने की उम्मीद है।
इस मौके पर रक्षा निखिल खडसे ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव, खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित कई अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

