futuredछत्तीसगढ

कटघोरा वनमंडल की बड़ी सफलता, फंदे में फंसे तेंदुए का रेस्क्यू, शिकारी गिरफ्तार

रायपुर, 16 फरवरी 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रभावी प्रयासों और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में कटघोरा वनमंडल ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पाली परिक्षेत्र में फंदे में फंसे एक युवा तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर आरोपी शिकारी को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया, आधुनिक तकनीक और समन्वित टीमवर्क का उदाहरण है।

9 फरवरी की रात पाली परिक्षेत्र के लाफा बीट में सूचना मिली कि एक तेंदुआ शिकारी द्वारा लगाए गए क्लच वायर के फंदे में फंस गया है। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और तेंदुए की आक्रामक स्थिति के बावजूद टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

उच्च अधिकारियों की अनुमति के बाद बिलासपुर से पशु चिकित्सक डॉ. चंदन और उनकी टीम को मौके पर बुलाया गया। रात लगभग 10:40 बजे तेंदुए को सुरक्षित रूप से ट्रैंकुलाइज किया गया। कुछ ही मिनटों में उसे फंदे से बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल तेंदुए को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए कानन पंडारी भेजा गया।

See also  अनुकंपा नियुक्त लिपिकों की वेतन वसूली और कौशल परीक्षा पर संघ की बैठक, सरकार से पुनर्विचार की मांग

अगले दिन अचानकमार टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से सुराग जुटाते हुए आरोपी के घर तक पहुंच बनाई। तलाशी के दौरान शिकार में उपयोग किए गए तार और अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी विजय कुमार गोंड ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

उपचार के बाद तेंदुए की स्थिति में सुधार होने पर विशेषज्ञों की सलाह से उसे पुनः सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। रिहाई से पहले क्षेत्र में एंटी-स्नेयर वॉक कर अन्य फंदों की जांच की गई तथा ट्रैप कैमरों और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

यह घटना दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वन विभाग की त्वरित और वैज्ञानिक कार्यवाही से न केवल एक वन्यप्राणी का जीवन बचाया गया, बल्कि वन्यजीव अपराधियों को स्पष्ट संदेश भी दिया गया है कि ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

See also  कोसमनारा धाम में स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणाएं, किसानों को होली से पहले अंतर राशि देने का ऐलान