त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम चुनाव के लिए मतदाता सूची बनाने का कार्यक्रम घोषित

रायपुर, 10 अगस्त 2014/ प्रदेश के सभी 27 जिलों में जिला पंचायतों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों के आम चुनाव 2014 के लिए प्रशासनिक तैयारी शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रि-स्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव के लिए प्रारंभिक मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम औपचारिक आदेश के साथ घोषित कर दिया है।

आयोग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस महीने की सात तारीख तक ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची तैयार करने के लिए रजिस्ट्रीकरण और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद कल 11 अगस्त तक सभी जिलों में कलेक्टोरेट से विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूची प्राप्त कर अथवा आयोग से मतदाता सूची की सीडी या डीवीडी लेकर सूची की प्रतियां तैयार की जाएंगी। इन सूचियों को विकासखंडवार बांटा जाएगा। बुधवार 13 अगस्त तक विकासखंडवार मतदाता सूचियां तहसीलदारों ( अर्थात सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों) को उपलब्ध करा दी जाएगी। गुरूवार 21 अगस्त तक प्रत्येक ग्राम पंचायत की प्रारंभिक मतदाता सूची में सम्मिलित वार्डों का मौके पर मिलान/सत्यापन किया जाएगा और सूची में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। सोमवार आठ सितम्बर तक प्रारम्भिक मतदाता सूचियों की ग्राम पंचायतवार चेक लिस्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारियों अर्थात जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रिटिंग के लिए लौटायी जाएगी।

आयोग के अधिकारियों के अनुसार कलेक्टर कार्यालय द्वारा 15 सितम्बर को विकासखंडवार प्रारंभिक मतदाता सूची अनुबंधित मुद्रणालयों को छपने के लिए सौंपी जाएंगी। सोमवार 22 सितम्बर तक ये छपी हुई मतदाता सूचियां तहसीलदारों को उपलब्ध करा दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि आयोग ने प्रारंभिक मतदाता सूचियों पर दावे और आपत्तियां आमंत्रित करने का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। इसके अनुसार मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बारे में 24 सितम्बर को संबंधित व्यक्तियों को पूर्व सूचना भेजी जाएगी। इन मतदाता सूचियों के बारे में सार्वजनिक सूचना का प्रकाशन और दावे तथा आपत्तियां प्राप्त करने की शुरूआत बुधवार 24 सितम्बर से होगी। दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम समय सीमा चार अक्टूबर 2014 को अपरान्ह तीन बजे तक निर्धारित की गई है। इस अवधि में प्राप्त दावे और आपत्तियों के निराकरण के लिए समय सीमा नौ अक्टूबर 2014 तय की गई है।

इसके बाद 14 अक्टूबर 2014 तक ग्राम पंचायतवार अनुपूरक सूचियां तैयार की जाएगी, जिनका मुद्रण 20 अक्टूबर 2014 तक किया जाएगा। अनुपूरक मतदाता सूचियों को मूल मतदाता सूची के साथ 27 अक्टूबर 2014 तक जोड़ लिया जाएगा। मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 29 अक्टूबर 2014 को संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारियों (अर्थात् जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों) द्वारा किया जाएगा। आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने के घोषित कार्यक्रम के साथ सभी जिला कलेक्टरों को जनपद पंचायत वार ग्राम पंचायतों की सूची भेजकर सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *