futuredछत्तीसगढ

विश्व रेडियो दिवस पर रायपुर में ‘वंदे मातरम’ के नए संस्करण का लोकार्पण, रेडियो और एआई पर मुख्यमंत्री का जोर

रायपुर, 13 फरवरी 2026। विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के नए गायन संस्करण का पेन ड्राइव लॉन्च किया। कार्यक्रम का आयोजन आकाशवाणी रायपुर और यूनेस्को के सहयोग से किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विश्व रेडियो दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इस वर्ष का विषय ‘रेडियो और एआई’ समय की मांग के अनुरूप है। सूचना क्रांति के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और अब रेडियो जैसे पारंपरिक माध्यम को भी इससे नई ऊर्जा मिल सकती है। उन्होंने कहा कि सही समय पर सटीक जानकारी नागरिकों के विकास में अहम भूमिका निभाती है और रेडियो इस जिम्मेदारी को लंबे समय से निभाता आया है।

उन्होंने कहा कि आकाशवाणी देश का सबसे विश्वसनीय समाचार माध्यम है। निजी चैनलों के बीच तेज प्रतिस्पर्धा के बावजूद आकाशवाणी ने संतुलित और जनहितकारी प्रसारण की अपनी परंपरा को बनाए रखा है। छत्तीसगढ़ में यह सूचना, शिक्षा और स्वस्थ मनोरंजन का प्रभावी माध्यम बना हुआ है।

See also  सिक्किम के पत्रकारों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संवाद, छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल की साझा की झलक

रेडियो से जुड़ी अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दूरस्थ गांवों तक किसी अन्य संचार माध्यम की पहुंच नहीं थी, तब रेडियो ही देश-दुनिया से जुड़ने का एकमात्र साधन था। आज भी किसानों और ग्रामीण अंचलों के लिए आकाशवाणी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम के लिए रेडियो का चयन इसकी व्यापक पहुंच और विश्वसनीयता का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आकाशवाणी के छह स्टेशन संचालित हैं और रायपुर से विविध भारती सेवा का प्रसारण हो रहा है। साथ ही छत्तीसगढ़ी, गोंडी और हल्बी भाषाओं में प्रसारण से स्थानीय श्रोताओं के साथ मजबूत जुड़ाव बना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रेडियो और एआई’ का संयोजन संचार के क्षेत्र में नई क्रांति ला सकता है। एआई के माध्यम से कंटेंट को अधिक सटीक, त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकेगा। आपातकालीन सूचनाएं, मौसम पूर्वानुमान, कृषि सलाह और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी अधिक तेजी से प्रसारित की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और तकनीकी सुरक्षा के क्षेत्र में नए अवसर बनेंगे। नई औद्योगिक नीति के जरिए नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और डिजिटल तकनीक से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

See also  मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में राज्य वन्यजीव बोर्ड की 16वीं बैठक, स्थायी समिति गठन को मंजूरी

कार्यक्रम में यूनेस्को की रीजनल एडवाइजर ऑफ कम्युनिकेशन एंड इनफॉर्मेशन हज़्ज़ाज़ मा’अली ने भी सभी को विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रेडियो दुनिया का सबसे व्यापक और भरोसेमंद माध्यम है, जिसने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी विश्वसनीयता बनाए रखी है। एआई के माध्यम से रेडियो को और प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस पहल की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी रायपुर हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में पूरे प्रदेश, विशेषकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों तक अपनी सेवाएं दे रहा है। यूनेस्को आकाशवाणी के साथ मिलकर तकनीकी और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग जारी रखेगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन, उप महानिदेशक व्ही. राजेश्वर, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि रेडियो की विश्वसनीयता और एआई की गति मिलकर जनसेवा को और अधिक सशक्त बनाएगी और विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों से प्राप्त किया जाएगा।

See also  होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ की सौगात, ₹3100 प्रति क्विंटल की अंतर राशि का होगा एकमुश्त भुगतान