मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुशाभाऊ ठाकरे की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, जनसेवा को बताया राजनीति का मूल लक्ष्य
रायपुर, 28 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रख्यात जननायक कुशाभाऊ ठाकरे की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक पुरन्दर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित और समाज सेवा को समर्पित रहा। वे सत्ता प्राप्ति को राजनीति का लक्ष्य नहीं मानते थे, बल्कि जनसेवा को उसका सर्वोच्च उद्देश्य मानते थे। मूल्य-आधारित राजनीति, सशक्त चरित्र, अनुशासन और सतत कर्मठता उनके सार्वजनिक जीवन की मूल पहचान रही।
उन्होंने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे ने भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लोकतांत्रिक संस्कारों के विकास और संगठनात्मक मजबूती में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। वे सरल स्वभाव और आत्मीय व्यवहार के माध्यम से आम जन से जुड़ने वाले दुर्लभ नेताओं में से थे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ कुशाभाऊ ठाकरे का गहरा और आत्मीय संबंध रहा। उनके जीवन से यह स्पष्ट प्रेरणा मिलती है कि राजनीति का मूल उद्देश्य सेवा, राष्ट्रहित और समाज कल्याण होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे की पावन स्मृतियाँ हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और वे जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने की दिशा में मार्गदर्शन करती रहेंगी।
