futuredछत्तीसगढ

रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का शुभारंभ

रायपुर, 18 फरवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के मोवा स्थित सतनाम भवन परिसर से “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” का शुभारंभ किया। धार्मिक विधि-विधान के साथ उन्होंने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर पावन गिरौदपुरी धाम के लिए रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पवित्र जैतखाम की पूजा-अर्चना कर गुरु घासीदास बाबा का स्मरण किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि गुरु घासीदास बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश संपूर्ण मानव समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा समाज में सद्भाव, समरसता और भाईचारे को और मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सामाजिक हितों को गति देने के लिए विशेष प्राधिकरण का गठन किया गया है। पदयात्रा के उपरांत गिरौदपुरी धाम में विशाल मेले का आयोजन भी किया जाएगा।

See also  सुप्रीम कोर्ट का निर्देश: कोविड वैक्सीन के गंभीर दुष्प्रभाव झेलने वालों के लिए बनाए मुआवजा नीति

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह पदयात्रा सामाजिक समरसता, मानव कल्याण और एकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी से सामाजिक भेदभाव और द्वेष से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा गुरु घासीदास बाबा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी।

कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक मोतीलाल साहू, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित संत समाज के प्रतिनिधि और विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक प्रस्तावित “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” 18 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। पदयात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस दौरान गिरौदपुरी धाम मेले में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

See also  धर्म स्वतंत्रता विधेयक को मंजूरी, पंजीयन पर अतिरिक्त उपकर समाप्त सहित कैबिनेट के अहम फैसले