futuredछत्तीसगढ

वीर नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री साय ने रायपुर में अर्पित की श्रद्धांजलि

रायपुर, 10 दिसंबर 2025। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जननायक अमर शहीद वीर नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर नारायण सिंह का जीवन त्याग, साहस और न्याय की मिसाल है। अंग्रेज शासन के अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध उनका संघर्ष छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत का स्वर्णिम अध्याय है। मातृभूमि के प्रति समर्पण और वंचित वर्गों के प्रति संवेदना उन्हें सदैव प्रेरणा स्रोत बनाती है।

साय ने कहा कि सोनाखान के ज़मींदार परिवार में जन्म लेने के बावजूद वीर नारायण सिंह का हृदय आदिवासियों, किसानों और गरीबों की पीड़ा से जुड़ा रहा। वर्ष 1856 के भीषण अकाल में जब लोग भूख से तड़प रहे थे, तब उन्होंने अनाज गोदाम का धान ज़रूरतमंदों में बांटकर मानवता, साहस और करुणा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। यह कदम केवल विद्रोह नहीं था, बल्कि सामाजिक अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक घोषणा थी।

See also  यूनेस्को ने दीपावली को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर घोषित किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की अस्मिता, स्वाभिमान और जनप्रतिरोध की प्रतीक हैं। गरीबों और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को न्याय और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वीर नारायण सिंह के आदर्शों के अनुरूप छत्तीसगढ़ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक पुरन्दर मिश्रा, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।