futuredताजा खबरें

अर्जुनी मुक्तिधाम में वट वृक्ष पर रक्षा सूत्र बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

अर्जुनी। भारत माता सेवा ट्रस्ट के आह्वान पर अर्जुनी मुक्तिधाम परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुक्तिधाम में स्थित वट वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुरक्षा और संवर्धन का संकल्प लिया गया। साथ ही, परिसर की खाली भूमि में तारबाड़ (घेराव) कर वृक्षारोपण का संकल्प भी लिया गया, जिससे भविष्य में हरियाली का संरक्षण और विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।

भारत माता सेवा ट्रस्ट लंबे समय से समाज के विभिन्न आयामों को लेकर प्रेरणादायक कार्य कर रहा है। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय क्षेत्रों में संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों से लोग प्रेरित होकर समाज की मुख्यधारा में रहकर रचनात्मक कार्यों में भागीदारी निभा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि एक समृद्ध और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देना भी है।

ज्ञात हो कि वट वृक्ष भारतीय संस्कृति में दीर्घायु, स्थिरता और जीवनदायिनी ऊर्जा का प्रतीक है। इसे संरक्षित रखना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उतना ही आवश्यक है जितना आज के समय में। मुक्तिधाम जैसे पवित्र स्थलों पर वृक्षारोपण और हरित वातावरण बनाए रखना समाज के आध्यात्मिक और पारिस्थितिक संतुलन के लिए आवश्यक है।

See also  रक्षाबंधन पर पत्रकारों और हितग्राही बहनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बांधी राखी

इस अवसर पर भारत माता सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष टेसू लाल धुरंधर, अग्रवाल मोटर्स बलौदा बाजार के संचालक उमेश अग्रवाल, ग्राम पंचायत अर्जुनी के पूर्व सरपंच प्रमोद जैन, जनपद सदस्य प्रतिनिधि त्रिलोक यादव, सरस्वती शिशु मंदिर के सदस्य चिंतामणि साहू, वृक्ष मित्र एवं पंच प्रतिनिधि राजू रजक उपस्थित थे।

कार्यक्रम की जानकारी भारत माता सेवा ट्रस्ट की केंद्रीय संचालन समिति के सदस्य डमरू धर वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि संस्था आगे भी इस प्रकार के वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े अभियानों को गति देती रहेगी, ताकि पर्यावरण और समाज दोनों की रक्षा हो सके।