स्वास्थ्य संस्थानों में संलग्न कर्मियों की व्यवस्था खत्म होगी, सदन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक महत्वपूर्ण निर्णय घोषित किया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तक कर्मचारियों की संलग्न व्यवस्था को समाप्त किया जाएगा। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह घोषणा विधायक प्रबोध मिंज द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में की। विधायक मिंज ने सरगुजा जिले के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वीकृत पदों, वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों और विभिन्न स्थानों पर संलग्न किए गए कर्मचारियों की जानकारी मांगी थी।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि संबंधित कर्मचारियों को कब और कहां अन्य स्थानों पर संलग्न किया गया है तथा रिक्त पदों की पूर्ति कब तक की जाएगी। विधायक ने सरगुजा जिले में भवनविहीन प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी भी विधानसभा क्षेत्रवार मांगी और पूछा कि इन केंद्रों के लिए भवन उपलब्ध कराने की क्या समय-सीमा तय की गई है।
मंत्री जायसवाल ने सदन को जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संलग्न कर्मचारियों की व्यवस्था को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है, ताकि जहां पद स्वीकृत हैं, वहीं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि रिक्त पदों को भरने और स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
सरकार का मानना है कि इस कदम से स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण तथा दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेंगी।

