सूरजपुर जिले को मिली 211 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन
रायपुर, 20 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को 211 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। तिलसिवां में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम का उन्होंने वर्चुअल शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सूरजपुर नए बस स्टैंड स्थित अटल परिसर में भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया। इसके साथ ही किसान मेला सह जैविक मेला का शुभारंभ कर किसानों और युवाओं को नवीनतम कृषि तकनीक, जैविक खेती और कौशल विकास से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर नए संकल्प
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्ष की यात्रा गौरवशाली रही है और अब समय है नए संकल्पों के साथ प्रदेश को आगे ले जाने का। उन्होंने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का स्वरूप देकर यहां की जनता को नई पहचान दी।
मोदी की गारंटी और जनकल्याणकारी योजनाएँ
मुख्यमंत्री ने बीते 20 महीनों में लागू योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि धान खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ, तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरण पादुका वितरण, भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता, रामलला दर्शन योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी योजनाएँ राज्य के हर वर्ग तक पहुँची हैं।
नक्सल उन्मूलन पर बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में निर्णायक कार्रवाई हो रही है। मार्च 2026 तक बस्तर से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य है। उन्होंने कुख्यात नक्सली बसवराजू के सफाए और सुरक्षा कैंपों की स्थापना का भी उल्लेख किया।
विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम में 78.78 करोड़ की लागत से पूर्ण 37 कार्यों का लोकार्पण तथा 132.55 करोड़ रुपये की लागत से 55 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें सड़क, पुल-पुलिया, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, पुलिस एवं आदिवासी विकास विभाग के कार्य शामिल हैं।
किसानों और युवाओं पर विशेष फोकस
किसान मेले में जैविक खाद, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों और आधुनिक तकनीक की प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और प्राकृतिक खेती की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने पर लगातार काम कर रही है।
हितग्राहियों को मिला लाभ
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को आवास की चाबी, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य कार्ड, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सिंचाई पंप, बीज एवं ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
समारोह में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि ने ही छत्तीसगढ़ राज्य को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चन्द्रमणी पैकरा, श्रीमती रेखा राजवाड़े, श्री लवकेश पैकरा और रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष श्री बाबूलाल अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।