futuredछत्तीसगढताजा खबरें

सुकमा में मुठभेड़: 5 लाख का इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश ढेर

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के जंगलों में रविवार को नक्सलियों और डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) जवानों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश मार गिराया गया।

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद डीआरजी की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों के साथ आमना-सामना हो गया और दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग होती रही। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान एक नक्सली का शव और हथियार बरामद किए गए।

मारा गया नक्सली मूचाकी कैलाश सुकमा जिले के चिंतलनार क्षेत्र का निवासी था और नक्सली संगठन में प्लाटून नंबर 31 में सेक्शन कमांडर (PPCM) के पद पर सक्रिय था। उस पर सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह कई गंभीर घटनाओं में शामिल रहा था, जिनमें ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षाबलों पर हमले और आईईडी ब्लास्ट की साजिशें शामिल हैं।

See also  इचकेला की बालिका क्रिकेट टीम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मुलाकात, खिलाड़ियों को क्रिकेट किट देकर किया सम्मानित

इस मुठभेड़ को नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहम सफलता माना जा रहा है, खासकर उस समय जब नक्सल गतिविधियों के खात्मे को लेकर निर्धारित समयसीमा नजदीक है।

इस बीच, बस्तर रेंज के आईजी ने नक्सलियों से अपील करते हुए कहा कि आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर अभी भी उपलब्ध है, लेकिन इसके लिए समय सीमित है। उन्होंने माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने और शांतिपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया।

सुरक्षाबल क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और अन्य नक्सलियों की तलाश जारी है।