‘सिंधीयत जो मेलो’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, सिंधी समाज की एकजुटता व उद्यमशीलता की सराहना
रायपुर, 14 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में पूज्य छत्तीसगढ़ी सिंधी पंचायत द्वारा आयोजित ‘सिंधीयत जो मेलो’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सिंधी समाज की एकजुटता, संघर्षशील परंपरा और उद्यमशीलता की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज ने देश के इतिहास के सबसे कठिन दौर—विभाजन की विभीषिका—का सामना किया, लेकिन अपने परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर नई पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाजन के समय अनेक परिवारों को अपनी पुश्तैनी संपत्ति और घर-बार छोड़ना पड़ा, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। अपने आराध्य के प्रति अटूट आस्था और परिश्रम के दम पर उन्होंने नई शुरुआत की और आज व्यापार तथा उद्यम के क्षेत्र में देश की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज का जुझारूपन और आत्मविश्वास पूरे समाज के लिए प्रेरणास्पद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। उन्होंने मेले में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की और कहा कि देशभर में बसे सिंधी समाज के लोग अपनी मेहनत, लगन और दूरदर्शिता से सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत अधिकांश गारंटियां पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश में प्रारंभ की गई गौधाम योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए चारा, चिकित्सा सुविधा, काऊ कैचर और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को चेट्रीचंड्र पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं तथा समाज द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सिंधी समाज मेहनतकश और प्रगतिशील है तथा ऐसे आयोजन सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम हैं।
इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धमतरी महापौर रामू रोहरा, पूज्य छत्तीसगढ़ी सिंधी पंचायत के अध्यक्ष महेश दरयानी सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
