futuredखबर राज्यों से

‘कांटा लगा’ फेम अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का निधन, बॉलीवुड और प्रशंसकों में शोक की लहर

बॉलीवुड अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला के आकस्मिक निधन की खबर ने फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों को स्तब्ध कर दिया है। 42 वर्षीय अभिनेत्री, जो ‘कांटा लगा’ गाने से रातोंरात मशहूर हुई थीं, शुक्रवार देर रात कार्डियक अरेस्ट (हृदय गति रुकने) के कारण दुनिया को अलविदा कह गईं।

मुंबई पुलिस के अनुसार, उन्हें रात करीब 1 बजे इस दुखद घटना की जानकारी मिली। इसके बाद शेफाली का शव कूपर अस्पताल भेजा गया, जहाँ पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत का असली कारण अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है और जांच जारी है।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत

सूत्रों के अनुसार, शेफाली को उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोगों ने तत्काल बेलव्यू अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने उनके अंधेरी स्थित घर पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।

यह खबर सबसे पहले पत्रकार विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया के ज़रिए साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “शेफाली जरीवाला, ‘कांटा लगा’ गर्ल, अब इस दुनिया में नहीं रहीं।” इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई।

See also  संविधान हत्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

शेफाली की निजी ज़िंदगी और करियर

शेफाली ने एक इंटरव्यू में बताया था कि 15 साल की उम्र में उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिससे उनका जीवन काफी प्रभावित हुआ था। उन्होंने सरदार पटेल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर एप्लिकेशन में डिग्री हासिल की थी।

उनकी पहली शादी संगीतकार हरमीत सिंह (मीट ब्रदर्स) से हुई थी, लेकिन बाद में उनका तलाक हो गया। फिर उन्होंने साल 2015 में अभिनेता पराग त्यागी से शादी की। शेफाली ने टीवी शो ‘बिग बॉस 13’ में भाग लिया था, जहाँ उन्हें खूब लोकप्रियता मिली।

इसके अलावा उन्होंने ‘नच बलिए 5’ और ‘नच बलिए 7’ जैसे डांस रियलिटी शोज़ में भी हिस्सा लिया। फिल्मों की बात करें तो वे 2004 की सुपरहिट फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में ‘बिजली’ नामक किरदार में नजर आई थीं। बाद में उन्होंने ALT Balaji की वेब सीरीज ‘बेबी कम ना’ में मुख्य भूमिका निभाई थी।

पति को देखा गया घर के बाहर

घटना के कुछ घंटों बाद, शेफाली के पति पराग त्यागी को उनके पालतू कुत्ते के साथ घर के बाहर टहलते हुए देखा गया। इस वक्त वे मीडिया से बात करने की स्थिति में नहीं थे।

See also  मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियाँ खराब डीजल से हुईं खराब, पेट्रोल पंप सील