futuredसाहित्य

संकेत साहित्य समिति को मिला सम्मान: 44 वर्षों की सतत साहित्य सेवा का हुआ गौरवपूर्ण मूल्यांकन

रायपुर, 15 जुलाई 2025/ राजधानी रायपुर स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित एक साहित्यिक आयोजन के अंतर्गत वेंकटेश साहित्य मंच द्वारा परिचर्चा, काव्य पाठ, पुस्तक विमोचन और समीक्षा कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 13 जुलाई को किया गया। इस अवसर पर संकेत साहित्य समिति को उनके दीर्घकालीन साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

संकेत साहित्य समिति को यह सम्मान छत्तीसगढ़ में 44 वर्षों से लगातार साहित्य के उन्नयन और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए प्रदान किया गया। समिति के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मान समिति के सामूहिक परिश्रम और समर्पण का प्रतीक है।

सम्मान ग्रहण करने वालों में समिति की ओर से डॉ. सी.एल. साहू, श्रवण चोरनेले, पल्लवी झा रूमा, पूर्वा श्रीवास्तव और सुषमा पटेल सम्मिलित रहे। सभी ने मिलकर इस सम्मान को समिति के नाम समर्पित करते हुए, इसे साहित्यिक सेवा के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।

See also  श्री रामलला दर्शन योजना: रायपुर से 15 जुलाई को अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन रवाना

संकेत साहित्य समिति की मुख्य इकाई राजधानी रायपुर में कार्यरत है, साथ ही इसकी शाखाएँ ऊर्जाधानी कोरबा और न्यायधानी बिलासपुर में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। समिति द्वारा साहित्यिक गोष्ठियों, कवि सम्मेलनों, काव्य संकलनों और नवोदित लेखकों को मंच प्रदान करने जैसे अनेक कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

संस्थापक एवं प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ ने इस सम्मान को पूरे समिति परिवार के लिए गौरव की बात बताते हुए समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और सभी सहयोगी साथियों को बधाई दी। उन्होंने वेंकटेश साहित्य मंच और विशेष रूप से मंच के संस्थापक मुकेश गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्यिक सरोकारों को ऊर्जा देने वाले होते हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, रचनाकारों और युवा कवियों की उपस्थिति रही। आयोजन में प्रस्तुत कविताओं और पुस्तकों पर समीक्षात्मक टिप्पणियाँ भी हुईं, जिससे साहित्यिक विमर्श को एक नया आयाम मिला।

See also  मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का 12वां चरण प्रभावी, 2027 तक शून्य मलेरिया लक्ष्य

यह आयोजन छत्तीसगढ़ की साहित्यिक चेतना को नई दिशा देने की एक प्रेरणास्पद पहल मानी जा रही है, जिसमें नवोदित और वरिष्ठ साहित्यकारों को एक साझा मंच मिला। संकेत साहित्य समिति के इस सम्मान से निश्चित ही राज्य में साहित्यिक गतिविधियों को और बल मिलेगा।