futuredछत्तीसगढ

समोदा में अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शासकीय भूमि कराई गई मुक्त

दुर्ग, 10 फरवरी 2026। जिले के जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम समोदा में जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से निर्माण तोड़कर शासकीय भूमि को खाली कराया गया।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु के नेतृत्व में राजस्व अमले और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा सिरसा, तहसील एवं जिला दुर्ग के अंतर्गत आने वाली शासकीय घास भूमि, खसरा नंबर 778, रकबा 0.13 हेक्टेयर पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।

प्रशासन के अनुसार उक्त भूमि पर अवैध रूप से पक्का दुकान निर्माण, टीन शेड लगाकर दुकान बनाना तथा सीमेंट पोल लगाकर तार से घेराबंदी की गई थी। जांच में पाया गया कि ग्राम समोदा निवासी ब्रजेश ताम्रकार पिता गिरजाशंकर ताम्रकार द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था।

See also  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष : उपलब्धियाँ, परिवर्तन और भविष्य का संकल्प

कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चन्द्रिका प्रसाद खरें, शत्रुहन मिश्रा, अनिता साहू, संदीप देशमुख सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।