समालखा में संघ की सबसे बड़ी बैठक 13 से, 1487 प्रतिनिधि होंगे शामिल
समालखा (पानीपत), 11 मार्च। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली बैठक अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा 13 से 15 मार्च तक समालखा स्थित माधव सृष्टि परिसर में आयोजित होगी। तीन दिवसीय इस बैठक में देशभर से संघ और संघ प्रेरित संगठनों के कुल 1487 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
यह जानकारी अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने माधव सृष्टि परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। इस अवसर पर उत्तर क्षेत्र संघचालक पवन जिंदल भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि बैठक का शुभारंभ 13 मार्च को सुबह 9 बजे सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में होगा। बैठक में अखिल भारतीय पदाधिकारी, क्षेत्र-प्रांत संघचालक, कार्यवाह, प्रचारक तथा संघ प्रेरित 32 संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
आंबेकर ने बताया कि वर्तमान में संघ का शताब्दी वर्ष देशभर में मनाया जा रहा है। बैठक में अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी योजनाओं पर मंथन होगा। उन्होंने बताया कि शताब्दी वर्ष के तहत गृह संपर्क अभियान के माध्यम से अब तक 10 करोड़ से अधिक घरों तक पहुंच बनाई जा चुकी है और शेष प्रांतों में यह अभियान जारी रहेगा।
बैठक में संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। यह आयोजन 1 फरवरी से अगले वर्ष 20 फरवरी तक देशभर में सामाजिक समरसता के संदेश के साथ आयोजित किया जाएगा।
आंबेकर ने बताया कि बैठक में समसामयिक सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। देशभर से आए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करेंगे, जिसके आधार पर वर्तमान परिस्थितियों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
संघ प्रेरित संगठनों के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी विशेष आमंत्रित के रूप में बैठक में शामिल होंगे। इनमें विश्व हिंदू परिषद से आलोक कुमार और मिलिंद परांडे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से डॉ. रघुराज किशोर और आशीष चौहान, सेविका समिति से शांता अक्का और ए. सीता, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन सहित भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ आदि के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
आंबेकर ने बताया कि संगठन विस्तार पर भी विशेष चर्चा होगी। पिछले एक वर्ष में देशभर में 5500 से अधिक नई शाखाएं शुरू हुई हैं, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी संघ से जुड़ने की रुचि लगातार बढ़ रही है। हर साल लगभग 1.25 लाख लोग ‘ज्वाइन आरएसएस’ के माध्यम से जुड़ने की इच्छा जताते हैं।
शताब्दी वर्ष के दौरान प्रशिक्षण गतिविधियों को भी विस्तार दिया जाएगा। इस वर्ष देशभर में 97 प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। बैठक के अंतिम दिन 15 मार्च को सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले प्रेसवार्ता कर बैठक के निर्णयों और प्रस्तावों की जानकारी देंगे।
माधव सृष्टि परिसर में प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
