futuredछत्तीसगढ

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बस्तर पंडुम 2026 में मुख्य अतिथि बनने का आमंत्रण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर, 3 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय जनजातीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘बस्तर पंडुम 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को बस्तर अंचल की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, परंपराओं और लोक जीवन की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम राज्य की जनजातीय विरासत के संरक्षण, संवर्धन और उसके राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रचार का एक सशक्त माध्यम है। यह महोत्सव तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिसका अंतिम और मुख्य चरण फरवरी 2026 में बस्तर क्षेत्र में संपन्न होगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में किए जा रहे समग्र विकास कार्यों की जानकारी भी राष्ट्रपति को दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, बुनियादी ढांचे के विस्तार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में हो रही प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनकी सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

See also  रायगढ़ में बोर्ड परीक्षा केंद्राध्यक्ष नियुक्ति पर विवाद, प्राचार्यों की जगह व्याख्याताओं की ड्यूटी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय संस्कृति को समर्पित इस आयोजन की सराहना की और बस्तर पंडुम 2026 के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि बस्तर पंडुम 2026 के माध्यम से लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वाद्ययंत्र, हस्तशिल्प, जनजातीय व्यंजन, पारंपरिक वेशभूषा सहित जनजातीय जीवन से जुड़ी विविध सांस्कृतिक विधाओं का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा।