futuredलोक-संस्कृति

रिश्तों की दृढ़ता, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत पर्व रक्षाबंधन

रक्षाबंधन का त्यौहार भाई-बहन के संबंधों की दृढ़ता का अद्भुत त्यौहार है। इसमें भाई-बहन के रिश्तों की अटूटता के साथ सामाजिक समरसता, कुटुम्ब समन्वय और पर्यावरण संरक्षण का भी अद्भुत संदेश है। रक्षाबंधन मुख्यतयः दो दिन का त्यौहार है। श्रावण मास की पूर्णिमा को रक्षाबंधन और अगले दिन भाद्रपद कृष्ण एकम् को भुजरियाँ। लेकिन इस त्यौहार का वातावरण श्रावण मास शुक्लपक्ष की नवमीं से आरंभ हो जाता है। इस दिन हर घर में भुजरियाँ बोई जातीं हैं। इसी दिन से घरों में नहीं, पूरी बस्ती में भी रक्षाबंधन का वातावरण बन जाता है। घर की बहन-बेटियाँ झूला झूलतीं हैं और विवाहित बेटियाँ अपनी ससुराल से मायके आतीं हैं।

उल्लास के इस वातावरण का समापन भुजरियों के साथ होता है। विवाहित बेटियाँ राखी मनाकर अपनी ससुराल लौट जाती हैं। भारत में रक्षाबंधन की परंपरा अति प्राचीन है। अतीत में जहाँ तक दृष्टि जाती है, रक्षाबंधन का विवरण मिलता है। ये विवरण पौराणिक कथाओं में भी है और इतिहास की पुस्तकों में भी। ये विवरण बहुआयामी हैं। बहन द्वारा भाई की कलाई में राखी बाँधना तो मुख्य है ही, इसके साथ गुरु अपने शिष्य को, पुरोहित अपने यजमान को, प्रजा अपने राजा को, भक्त अपने भगवान को, प्रकृति के वृक्षों को भी रक्षा का बंधन बाँधने का वर्णन मिलता है।

एक कथा तो ऐसी है जब पत्नी ने पति को राखी बाँधी। यह कथा इन्द्राणी द्वारा इन्द्र को राखी बाँधने की है। लेकिन हर कथा का अपना संदेश है। भारत की हर परंपरा और कथा का अपना संदेश है जो इस रक्षाबंधन में भी है। रक्षासूत्र बाँधने के निमित्त भले अलग हों, कथाएँ भी अलग हैं, लेकिन सब कथाओं का उद्देश्य एक ही है और वह है — रिश्तों की पवित्रता एवं गरिमा को बनाये रखना। एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जिसमें पूरे कुटुम्ब में समन्वय हो, प्रकृति का संरक्षण हो, पूरे समाज में समरसता हो और ऐसे आदर्श मानवीय मूल्यों की स्थापना हो जिसमें सबके बीच प्रेम, भाईचारा तथा एक-दूसरे के संरक्षण का भाव हो। इसे रक्षाबंधन की कथाओं और निर्वाहन की परंपरा से समझा जा सकता है।

रक्षाबंधन से संबंधित कुछ पौराणिक कथाएँ बहुत प्रसिद्घ हैं। एक कथा देवी लक्ष्मी द्वारा राजा बलि को रक्षासूत्र बाँधने की है। राजा बलि के वचन में आबद्ध होकर नारायण पाताल चले गये थे। तब देवी लक्ष्मी पाताल पहुँची, उन्होंने राजा बलि को रक्षा सूत्र बाँधा और राजा बलि ने देवी लक्ष्मी को अपनी बहन माना और बहन को सदैव सुखी देखने का वचन दिया। नारायण राजा बलि के वचन से मुक्त हुये और बैकुण्ठ में लौट आये। रक्षा सूत्र बाँधने समय जो मंत्र बोला जाता है वह इसी रक्षा सूत्र का स्मरण कराता है—

See also  प्रकृति और लोक जीवन का संगम : लोक पर्व भोजली

“येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबल:।
तेन त्वामपि बध्नामि रक्षे मा चल मा चल।।”

अर्थात — “जो रक्षासूत्र महाबली दानवों के राजा बलि को बाँधा गया था, वही सूत्र मैं आपको भी बाँधता हूँ, आप भी अपने संकल्प से विचलित न होना।”

एक कथा देवासुर संग्राम की है। देवगुरु बृहस्पति ने विजय की संकल्पना के साथ देवराज इन्द्र को रक्षासूत्र बाँधा था। एक कथा में इन्द्राणी द्वारा युद्ध में जा रहे इन्द्र को रक्षा सूत्र बाँधने की है। एक कथा सूर्यपुत्र यम द्वारा बचपन से बिछड़ी अपनी बहन यमुना को ढूँढने की है। महाभारत में रक्षाबंधन का एक प्रसंग भगवान श्रीकृष्ण और द्रोपदी के बीच आता है। शिशुपाल वध के समय सुदर्शन चक्र से भगवान श्रीकृष्ण की ऊँगली में चोट लग जाती है, रक्त बहने लगा। तब द्रोपदी ने अपना पल्लू फाड़कर भगवान श्रीकृष्ण को पट्टी बाँधी। भगवान श्रीकृष्ण ने रक्षा का वचन दिया। कौरव सभा में जब द्रोपदी को अपमानित किया जा रहा था तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपने वचन का पालन करके द्रोपदी के सम्मान की रक्षा की। इसी प्रतीक में महालाएँ मंदिर जाकर भगवान जी को भी राखी बाँधती हैं। कहीं-कहीं बड़, पीपल, आँवला और बेलपत्र के पेड़ को भी सूत्र बाँधने की परंपरा है। मथुरा के बाँके बिहारी मंदिर में प्रतिवर्ष लाखों राखियाँ पहुँचती हैं।

पौराणिक कथाओं के अतिरिक्त रक्षा सूत्र की कुछ ऐतिहासिक घटनाएँ भी बहुत प्रसिद्घ हैं। इसमें एक घटना सिकन्दर के भारत पर आक्रमण के समय की है। सिकन्दर की एक पत्नि रोक्साना ने सम्राट पौरस को राखी भेजी थी। रौक्साना बैक्ट्रिया की राजकुमारी थी। यह बैक्ट्रिया देश तक्षशिला की सीमा से लगा हुआ पारस साम्राज्य का एक अंग था। महाभारत काल में इस देश का नाम “बाह्यिक” था। लेकिन यूनानी लेखकों ने इस देश को “बैक्ट्रिया” लिखा है। रौक्साना महाराज पोरस के बल और शौर्य से परिचित थी।

जब सिकन्दर की सेनाएँ भारत की ओर बढ़ीं, तब रौक्साना ने महाराज पोरस को रक्षा सूत्र भेजकर अपने पति की प्राण रक्षा का वचन ले लिया था। भीषण युद्ध आरंभ हुआ। युद्धभूमि में सिकन्दर का घोड़ा मारा गया और सिकन्दर धरती पर गिर पड़ा। तब राजा पोरस के हाथ में तलवार थी लेकिन वे रुक गये और सिकन्दर बच गया। यह माना गया कि राजा पौरस रौक्साना की राखी के कारण ही रुके। सिकन्दर सुरक्षित अपने कैंप में लौट गया। इसके बाद उसकी सेनाएँ आगे न बढ़ीं।

See also  छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ी सफ़लता: 9 इनामी माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण

इतिहास में एक विवरण चित्तौड़ की रानी कर्मवती द्वारा मुगल बादशाह हुमायूँ को राखी भेजने का मिलता है। गुजरात के शेरशाह सूरी ने चित्तौड़ पर आक्रमण किया था। रानी ने हुमायूँ को राखी भेजकर सहायता माँगी थी। हुमायूँ दिल्ली से चला भी, लेकिन समय पर पहुँच पाया। तब तक चित्तौड़ उजड़ चुका था और रानी ने जौहर कर लिया था। यद्यपि कुछ इतिहासकार राखी के इन दोनों प्रसंगों पर आशंका करते हैं। हो सकता है वे शंकाएँ सही हों अथवा सही न हों, किन्तु इतिहास की ये दोनों विवरण रक्षाबंधन की गरिमा और सम्मान की स्थापना तो करते हैं।

रिश्तों की मर्यादा और कुटुम्ब समन्वय

भारतीय वाङ्मय में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का निर्धारण साधारण नहीं है। इनमें मानवीय स्वभाव के अनुरूप बहुत दूरदर्शिता और व्यापकता है। मानवीय स्वभाव में कुछ कमजोरियाँ होती हैं, इनके चलते कुटुम्ब के बीच समन्वय और रिश्तों की मर्यादा बनाये रखना कई बार कठिन हो जाता है। रक्षाबंधन में ये दोनों बातें प्रधानता से हैं। रक्षाबंधन ही यह वातावरण बनाता है कि गाँव में किसी की बेटी पूरे गाँव की बेटी है, गाँव में किसी की बहन पूरे गाँव की बहन है। रक्षाबंधन संबंधों की यह मर्यादा स्थापित करता है।

इसकी दूसरी विशेषता कुटुम्ब समन्वय की है। रक्षा बंधन पर सभी विवाहित बेटियों को सम्मान सहित मायके आमंत्रित किया जाता है। इसमें अधिक आयु की जो अब बुआ बन चुकीं हैं वे भी होती हैं और नई पीढ़ी की बेटियाँ, भतीजियाँ भी होती हैं। सब एक साथ बैठते हैं और रक्षाबंधन होता है। यह रक्षा सूत्र बंधन केवल परिवार या कुटुम्ब तक ही सीमित नहीं रहता, अपितु इस परिवार के गाँव-बस्ती के जिन परिवारों से आत्मीय संबंध होते हैं, ये बहन-बेटियाँ उन घरों में जाकर राखी बाँधती हैं।

इसका समापन अगले दिन भुजरियों के साथ होता है। परिवार के सभी नन्हे, किशोर और युवा सदस्य बड़े-बुजुर्गों के पास भुजरियाँ लेकर जाते हैं। छोटे बड़ों के चरण स्पर्श करते हैं। बड़े-बुजुर्ग छोटों के सिर पर और कान पर भुजरियाँ लगाकर आशीर्वाद देते हैं। इस प्रकार रक्षाबंधन में नन्हें बच्चे, बहन-बेटियाँ, बुआएँ और बड़े-बुजुर्ग सभी सहभागी होते हैं। इस प्रकार इन दो दिनों तक पूरे कुटुम्ब और बस्ती में जीवन्तता आती है। सब स्नेह और सम्मान के सूत्र में आबद्ध हो जाते हैं।

See also  ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टेलीफ़ोनिक बातचीत

सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रक्षाबंधन की परंपरा भाई-बहन के रिश्ते को प्रगाढ़ बनाने और पूरे कुटुम्ब के बीच स्नेह-समन्वय बनाने का संदेश तो देती ही है, इसके साथ इस त्यौहार में सामाजिक समरसता के भी संदेश सूत्र हैं। देवगुरु बृहस्पति ने जिस प्रकार देवराज इन्द्र को रक्षा सूत्र बाँधा था, उस परंपरा के पालन में गाँव के पुरोहित अपने सभी यजमानों को और गुरु अपने शिष्य को राखी बाँधते हैं। प्रजा भी अपने राजा को रक्षा सूत्र बाँधती है। इसमें छोटे-बड़े या ऊँच-नीच का कोई भेद नहीं होता। पुरोहित और गुरुजनों के माध्यम से पूरा समाज एक सूत्र में बंधता है।

रक्षाबंधन के अगले दिन भुजरियों का दिन होता है। भुजरियाँ श्रावण शुक्ल पक्ष नौवीं के दिन बोई जातीं हैं। खाद के रूप में गाय का गोबर मिलाना, प्रतिदिन पानी देना — इस काम में घर की महिलाओं के साथ बच्चे भी उत्साह और कौतूहल से लगे रहते हैं। इससे पौधों के संरक्षण का वातावरण बनता है। बचपन से ही पौधों को संवारने का स्वभाव बन जाता है। अवचेतन में बैठा हुआ यह भाव ही आगे चलकर वनस्पति की रक्षा करने का स्वभाव बन जाता है।

इन भुजरियों को रक्षाबंधन के अगले दिन तोड़ा जाता है। लेकिन इन्हें यूँ ही नहीं तोड़ा जाता। गाँव-बस्ती की सभी महिलाएँ एक समूह बनाकर, भुजरियों के दोने या गमले सिर पर रखकर, गीत गाते हुए नदी या तालाब के किनारे जातीं हैं। वहाँ उखाड़ा जाता है। बहते पानी में भुजरियाँ धोई जाती हैं। भुजरियों की इस मिट्टी और खाद को खेतों में भेजा जाता है। धुली हुई भुजरियों को लेकर महिलाएँ घर लौटती हैं। तब भुजरियों के आदान-प्रदान की परंपरा आरंभ होती है। भुजरियों का यह आदान-प्रदान पहले घर में होता है, फिर अपने सभी आसपास एवं परिचितों के घर जाकर भुजरियों के साथ भेंट होती है। यह माना जाता है कि यदि कोई वैचारिक मनमुटाव हो गया हो तो भुजरियों के माध्यम से वह भी दूर हो जाता है।

इस प्रकार, एक ओर भुजरियों के बोने और उन्हें छह दिनों तक सहेजने से बच्चों में पौध संरक्षण का भाव उत्पन्न होता है, पीपल, बरगद आदि वृक्षों को रक्षा बाँधने से समाज में पर्यावरण संरक्षण की प्रवृत्ति जाग्रत होती है, और महिलाओं के समूह द्वारा नदी-तालाब किनारे जाने, पुरुषों द्वारा पूरे समाज में भुजरियों के आदान-प्रदान से सामाजिक सद्भाव और समरसता का भाव जाग्रत होता है।