राज्य स्तरीय ओपन फिटनेस रन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आमंत्रण
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय में विधायक श्री मोतीलाल साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बलौदाबाजार जिले के ग्राम खरतोरा में प्रस्तावित राज्य स्तरीय ओपन फिटनेस रन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया। आमंत्रण के प्रतीक स्वरूप आयोजन की टी-शर्ट भी मुख्यमंत्री को भेंट की गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लोगों में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि फिटनेस रन के अवसर पर भारतीय सेना, पुलिस और सीमा सुरक्षा बल के जवानों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में निरंतर सेवा दे रहे जवानों का सम्मान करना समाज के लिए गर्व की बात है और इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि फिटनेस, अनुशासन और देशभक्ति जैसे मूल्यों को एक साथ जोड़ने वाले आयोजन स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

