futuredछत्तीसगढ

राजिम कुंभ कल्प 2026 में अरुण गोविल की भावपूर्ण प्रस्तुति, भक्ति से सराबोर हुआ त्रिवेणी संगम

रायपुर, 16 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम की पावन धरा पर आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 में आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। त्रिवेणी संगम के तट पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध कलाकार अरुण गोविल ने “सुनो श्री राम कहानी” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को गहरे भाव-विभोर कर दिया और पूरा परिसर भक्ति के वातावरण से गूंज उठा।

भगवान राम की भूमिका से घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल की आवाज और अभिव्यक्ति ने संगम तट को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। श्रद्धालु देर तक मंत्रमुग्ध होकर प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।

इस अवसर पर अरुण गोविल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आत्मीय भेंट की और राजिम कुंभ कल्प के सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। गोविल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जनआस्था और लोगों का आत्मीय स्नेह उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।

See also  नवा अंजोर विजन@2047 मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा, मुख्य सचिव विकासशील ने विभागों को दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत उत्सव है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आस्था, संस्कृति और पर्यटन के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इन आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो रही है।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि राजिम कुंभ कल्प 2026 के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक विरासत को नई ऊंचाई मिल रही है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह महोत्सव आस्था और संस्कृति के साथ-साथ पर्यटन संवर्धन का सशक्त मंच बनकर उभर रहा है।

See also  सुशासन, पारदर्शिता और विकास पर जनता की मुहर — मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय