futuredछत्तीसगढ

राजिम कुंभ कल्प 2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की पूजा-अर्चना और महाआरती में लिया हिस्सा

रायपुर, 15 फरवरी 2026। धर्म नगरी राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 का समापन भव्य और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सर्वप्रथम प्राचीन एवं ऐतिहासिक राजीव लोचन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान राजीव लोचन के श्रीचरणों में नमन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम की पावन धरती हमारी सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यहां की परंपराएं और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदेश को नई दिशा देने की क्षमता रखती हैं।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री त्रिवेणी संगम के मध्य स्थित कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है। यह आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है।

See also  कोसमनारा धाम में स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणाएं, किसानों को होली से पहले अंतर राशि देने का ऐलान

मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और हजारों दीपों की पावन ज्योति से पूरा संगम क्षेत्र आलोकित हो उठा। वातावरण में भक्ति और श्रद्धा की विशेष अनुभूति दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक महानदी मैया की आरती उतारकर प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प हमारी सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण अध्याय है। यह आयोजन सामाजिक सद्भाव, विश्वास और समरसता को सुदृढ़ करता है तथा प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करता है।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समारोह में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया।

See also  वरिष्ठ साहित्यकार और पत्रकार रंजीत भट्टाचार्य का निधन