futuredछत्तीसगढ

रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य शुभारंभ 23 जनवरी से, साहित्य और संस्कृति का महाकुंभ

रायपुर, 22 जनवरी 2026। राजधानी रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन परिसर में 23 जनवरी से आयोजित होने जा रहे रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य शुभारंभ राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। यह समारोह विनोद कुमार शुक्ल मंडप में सुबह 10.30 बजे से आयोजित होगा।

उद्घाटन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अतिविशिष्ट अतिथि होंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा की कुलपति डॉ. कुमुद शर्मा तथा रंगकर्मी और अभिनेता मनोज जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

साहित्य, संवाद और संस्कृति का संगम

रायपुर साहित्य उत्सव में छत्तीसगढ़ सहित देश के जाने-माने साहित्यकार, पत्रकार और कवि भाग लेंगे। महोत्सव के दौरान राष्ट्रीय पुस्तक मेला, इंगेजमेंट जोन, ओपन टैलेंट मंच, पेंटिंग कार्यशाला और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए फूड जोन की भी व्यवस्था की गई है।

मुख्य मंच विनोद कुमार शुक्ल की स्मृति में तैयार किया गया है, जहां प्रमुख मंचीय कार्यक्रम होंगे। साहित्यिक परिचर्चा और गोष्ठियों के लिए लाला जगदलपुरी मंडप, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप और अनिरुद्ध नीरव मंडप बनाए गए हैं। साहित्य उत्सव में प्रतिदिन चार सत्र आयोजित होंगे। प्रथम सत्र दोपहर 12.30 बजे से, द्वितीय सत्र 2.15 बजे से, तृतीय सत्र 3.45 बजे से और चतुर्थ सत्र 5.15 बजे से 6.30 बजे तक होगा। 23 और 24 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

See also  जीवन के अर्थ ढूँढती कविता : पुस्तक-चर्चा दिलवालों का देश कहाँ?

23 जनवरी के सत्र

पहले सत्र में लाला जगदलपुरी मंडप में समकालीन महिला लेखन, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में संवाद वंदेमातरम के अंतर्गत भारत के स्व-जागरण का प्रवाह तथा अनिरुद्ध नीरव मंडप में डिजिटल साहित्य: प्रकाशकों के लिए चुनौतियां विषय पर परिचर्चा होगी।

दूसरे सत्र में लाला जगदलपुरी मंडप में वाचिक परंपरा में साहित्य, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में कविता की नई चाल और अनिरुद्ध नीरव मंडप में संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यसभा उपसभापति हरिवंश शामिल होंगे।

तीसरे सत्र में लाला जगदलपुरी मंडप में काला पादरी में जनजातीय विमर्श, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में छत्तीसगढ़ का साहित्यिक अवदान तथा अनिरुद्ध नीरव मंडप में स्मृति शेष विनोद कुमार शुक्ल: साहित्य की खिड़कियां विषय पर परिचर्चा होगी।

चौथे सत्र में लाला जगदलपुरी मंडप में पुरातत्व: मौन साहित्य, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में समय की समस्या: सेक्युलरिज्म पर संवाद तथा अनिरुद्ध नीरव मंडप में राष्ट्रीय कवि संगम के अंतर्गत काव्य पाठ होगा। सांस्कृतिक संध्या में शाम 7 बजे से विनोद कुमार शुक्ल मंडप में मनोज जोशी द्वारा चाणक्य नाटक का मंचन किया जाएगा।

See also  पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल

24 जनवरी के सत्र

पहले सत्र में विनोद कुमार शुक्ल मंडप में राष्ट्र सेवा के सौ वर्ष पर संवाद और लाला जगदलपुरी मंडप में छत्तीसगढ़ के लोकगीत पर परिचर्चा होगी।

दूसरे सत्र में धार्मिक फिल्में और टेली धारावाहिकों का दौर विषय पर संवाद तथा श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में एकात्म मानवदर्शन: समाज परिवर्तन का सूत्रधार पर परिचर्चा आयोजित की जाएगी।

तीसरे सत्र में विनोद कुमार शुक्ल मंडप में भारत का बौद्धिक विमर्श, लाला जगदलपुरी मंडप में राष्ट्रीय मीडिया में बहस के मुद्दे, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में नई पीढ़ी की फिल्मी दुनिया और अनिरुद्ध नीरव मंडप में साहित्य: उपनिषद से एआई तक विषय पर चर्चा होगी।

चौथे सत्र में विनोद कुमार शुक्ल मंडप में भारतीय ज्ञान परंपरा, लाला जगदलपुरी मंडप में डिजिटल युग के लेखक और पाठक तथा श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में साहित्य के झरोखे से इतिहास विषय पर परिचर्चा होगी।

पंचम सत्र में विनोद कुमार शुक्ल मंडप में माओवादी आतंक और लोकतंत्र, लाला जगदलपुरी मंडप में डॉ. अंबेडकर: विचारपुंज की आभा, श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में शैक्षणिक संस्थानों में भाषा और साहित्य का स्तर तथा अनिरुद्ध नीरव मंडप में लुप्त होता बाल साहित्य पर चर्चा होगी। इसी दिन विनोद कुमार शुक्ल मंडप में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में काव्य पाठ भी होगा।

See also  शहीद शिरोमणि गैंदसिंह को नमन: जनजातीय शौर्य की परंपरा को किया गया स्मरण

25 जनवरी के सत्र

पहले सत्र में विनोद कुमार शुक्ल मंडप में संविधान और भारतीय मूल्य, लाला जगदलपुरी मंडप में ट्रेवल ब्लॉग: पर्यटन के प्रेरक और श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में नवयुग में भारत बोध पर परिचर्चा होगी।

दूसरे सत्र में लाला जगदलपुरी मंडप में पत्रकारिता और साहित्य तथा श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में नाट्यशास्त्र और कला परंपरा पर संवाद होगा।

तीसरे सत्र में विनोद कुमार शुक्ल मंडप में सिनेमा और समाज, लाला जगदलपुरी मंडप में शासन और साहित्य पर परिचर्चा तथा श्यामलाल चतुर्वेदी मंडप में छत्तीसगढ़ी काव्य पाठ का आयोजन किया जाएगा।