futuredताजा खबरें

रायपुर प्रेस क्लब के रंगोत्सव और महामूर्ख सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नगाड़ा बजाकर बढ़ाया उत्साह

रायपुर, 2 मार्च 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” एवं “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का अवसर है। यह पर्व गिले-शिकवे भुलाकर संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में पर्वों को सामूहिक रूप से मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है। प्रेस क्लब वर्षों से सांस्कृतिक आयोजनों और होली मिलन समारोहों के माध्यम से सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य कर रहा है और यह परंपरा निरंतर जारी रहनी चाहिए। उन्होंने प्रेस क्लब परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के जीवन में सुख, उत्साह और सकारात्मकता की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का मिर्ची की माला पहनाकर तथा त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘सेंसलेस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।

See also  बदलती जीवनशैली और बढ़ता कैंसर संकट

नगाड़ा बजाकर बढ़ाया उत्सव का उत्साह

होली मिलन समारोह में उस समय विशेष उत्साह का माहौल बन गया जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं नगाड़ा बजाया। नगाड़े की गूंज के साथ समारोह में उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से स्वागत किया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री पत्रकार साथियों के साथ फाग गीतों और होली उत्सव में सहभागी बने। कार्यक्रम में संगीत, संस्कृति और आपसी भाईचारे का जीवंत वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर कृष्णा दास, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित पत्रकारगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।