futuredछत्तीसगढ

रायपुर में नवोदय विद्यालय भूपदेवपुर के पूर्व विद्यार्थियों का होली मिलन समारोह

रायपुर, 3 मार्च 2026। राजधानी रायपुर के एक शॉपिंग मॉल परिसर में जवाहर नवोदय विद्यालय भूपदेवपुर (जिला रायगढ़) के पूर्व छात्र-छात्राओं के संगठन जार एसोसिएशन द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और आत्मीय वातावरण में किया गया। रायपुर जोन के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने नवोदय परिवार के पूर्व विद्यार्थियों को वर्षों बाद एक मंच पर जोड़ते हुए पुरानी स्मृतियों को पुनर्जीवित कर दिया।

समारोह की अध्यक्षता गणेश लाल पटेल, अनुराधा चौधरी एवं हर्षलता मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय भूपदेवपुर के पूर्व विद्यार्थियों सहित उनके परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गणेश लाल पटेल, अनुराधा चौधरी, हर्षलता मिश्रा, प्रवीण भगत, पद्मलोचन साव, विवेक पटेल, डॉ. संतोष राठिया, शालिनी गुप्ता, ज्योति प्रकाश जायसवाल, महेंद्र कुमार, अनिल मरावी, भूपेश कुमार तथा शुभम आर्य सहित अन्य पूर्व विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का आयोजन जार एसोसिएशन रायगढ़ द्वारा 1 मार्च को किया गया था, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। रंगों के इस उत्सव ने केवल पारंपरिक उल्लास ही नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सद्भाव और नवोदय परिवार की मजबूत भावनात्मक जुड़ाव को भी अभिव्यक्त किया।

See also  भारतीय संस्कृति में वन्य जीव संरक्षण की लोक परम्परा

होली मिलन समारोह के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालयीन जीवन से जुड़ी यादों को साझा किया। छात्रावास जीवन, शिक्षकों का मार्गदर्शन, सांस्कृतिक गतिविधियों और मित्रता के उन सुनहरे पलों को याद करते हुए सभी भावुक भी दिखाई दिए। प्रतिभागियों ने कहा कि नवोदय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों और सामाजिक संवेदनाओं का निर्माण स्थल रहा है।

कार्यक्रम में यह संकल्प भी लिया गया कि जार एसोसिएशन के माध्यम से पूर्व विद्यार्थियों के बीच संवाद और सहयोग को निरंतर मजबूत किया जाएगा तथा सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सामूहिक भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण, पारिवारिक सहभागिता और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसने नवोदय परिवार की एकजुटता को नई ऊर्जा प्रदान की।